मोगा। शहर के पॉश एरिया राजिंदरा एस्टेट, हाकम का अगवाड़ व बुक्कन वाला रोड क्षेत्र में सोमवार की रात को उस समय हडक़ंप मच गया, जब सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) से क्लोरीन गैस लीक होने से लोगों को दुर्गंध से परेशानी होने लगी।
मामला बिगड़ता देखकर मेयर बलजीत सिंह चानी और पार्षद हरी राम मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फायर ब्रिगेड की गाड़िय़ों को बुलाकर राहत कार्य शुरू किया गया, जो देर रात दस बजे तक जारी था। गैस लीकेज का प्रभाव कम करने के दौरान एक फायर ब्रिगेड कर्मचारी बेहोश हो गया। उसे तुरंत अस्पताल में भेजा गया है। अधिकारी ने बताया कि प्लांट के ठेकेदार ने गलत जानकारी दी कि पुराने टैंक से गैस लीक हो रही है, जबकि गैस मेन टैंक से लीक हुई।
इस गैस लीकेज को लेकर मेयर बलजीत सिंह चानी जहां खुद राहत कार्य में जुटे, वहीं सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के प्रबंधन से वह खफा दिखे। उनका कहना था कि उन्हें सुबह 11 बजे पता चल गया था, लेकिन उन्हें स्थिति नियंत्रण में बताई गई। जब रात आठ बजे उन्हें स्थिति काबू में न होने का पता चला तो वह तुरंत मौके पर पहुंचे।







