छत्तीसगढ़ की पहली महिला कबड्डी वर्ल्ड कप खिलाड़ी का मिल चुका है खिताब
कोरबा। जिले के पाली विकासखण्ड के ग्राम केराकछार के एक श्रमिक दंपति की 24 वर्षीय बेटी संजू देवी रावत ने वो कर दिखाया है, जो छत्तीसगढ़ के 25 साल के कबड्डी इतिहास में आज तक कोई नही कर पाया।
उनका चयन एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय महिला कबड्डी टीम में हुआ है। वह जापान के आईची- नागोया में 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक होने वाले 20वें एशियन गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी, जहां कबड्डी मुकाबले 21 से 26 सितंबर तक होंगे।
अपनी सफलता को लेकर संजू का कहना है कि मैंने गरीबी और अभावों के बीच संघर्ष एवं कड़ी मेहनत से ये मुकाम हासिल किया है। बाधाओं के बीच पहली सीढ़ी पार करने के बाद ही दूसरी सीढ़ी चढ़ने के मौका मिलता है। खेल के प्रति जुनून, समर्पण, अनुशासन, मानसिक मजबूती और कठोर परिश्रम ही मेरी ताकत है। पाली ब्लाक की बेटी की यह उड़ान उन हजारों बच्चों और युवाओं के लिए प्रेरणा है जो छोटे गांव से निकलकर बड़ा सपना देखते हैं। संजू ने साबित कर दिया कि अगर जुनून हो तो मिट्टी के घर से भी विश्व विजेता निकला जा सकता है।







