Home » टेस्ट क्रिकेट में बड़ा करिश्मा : सोनल दिनुशा ने रचा इतिहास, ऐसा कारनामा करने वाले पहले खिलाड़ी
खेल

टेस्ट क्रिकेट में बड़ा करिश्मा : सोनल दिनुशा ने रचा इतिहास, ऐसा कारनामा करने वाले पहले खिलाड़ी

कोलंबो टेस्ट में श्रीलंका के बल्लेबाज सोनल दिनुशा ने दूसरा शतक जड़ते ही इतिहास रच दिया। भारत के खिलाफ 2 मैचों की टेस्ट सीरीज में सोनल के बल्ले से आया ये तीसरा शतक है।

श्रीलंका के सोनल दिनुशा ने कोलंबो टेस्ट में बल्ले से इतिहास रच दिया। सोनल दिनुशा ने भारत के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में लगातार दूसरा शतक जड़ने का कारनामा किया। कोलंबो टेस्ट के आखिरी दिन सोनल टी ब्रेक का ऐलान होने पर 98 रन बनाकर नाबाद लौटे। इसके बाद तीसरे सेशन में 2 रन अपने खाते में जोड़ते ही भारत के खिलाफ 2 मैचों की टेस्ट सीरीज में तीसरा शतक जड़ दिया। उन्होंने 196 गेंदों का सामना करते हुए शतक ठोका।

टेस्ट सीरीज में तीसरा शतक

गॉल टेस्ट की पहली पारी में सोनल ने 100 रन और फिर दूसरी पारी में 84 रनों का योगदान दिया। इसके बाद दूसरे टेस्ट मैच की पहली पारी में भी सैकड़ा जड़ते हुए तहलका मचा दिया। कोलंबो टेस्ट की पहली पारी में सोनल ने 223 गेंदों का सामना करते हुए 103 रनों की पारी खेली और अब दूसरी पारी में सैकड़ा जड़ते हुए भारत के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में नया कीर्तिमान रच दिया। भारत के खिलाफ 2 मैचों की टेस्ट सीरीज में सोनल सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। वह 4 पारियों में अब तक 387 रन बना चुके हैं।

इससे पहले जब सोनल ने अपना अर्धशतक पूरा किया था, तो वह भारत के खिलाफ शुरुआती चार टेस्ट पारियों में 50 से ज्यादा का स्कोर बनाने वाले दुनिया के 5वें खिलाड़ी बने थे। टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में 67 साल बाद ऐसा अनोखा कारनामा देखने को मिला है। इससे पहले साल 1959 में इंग्लैंड के केन बैरिंगटन ने भारत के खिलाफ शुरुआती चार टेस्ट पारियों में 50 से ज्यादा रन बनाने का कमाल किया था।

भारत के खिलाफ शुरुआती चार टेस्ट पारियों में 50 से ज्यादा का स्कोर

  • डगलस जार्डिन (इंग्लैंड) – 1932 से 1934
  • एवर्टन वीक्स (वेस्टइंडीज) -, 1948
  • क्लाइड वालकॉट (वेस्टइंडीज) – 1948
  • केन बैरिंगटन (इंग्लैंड) – 1959
  • सोनल दिनुशा (श्रीलंका) – 2026

सोनल भारत बनाम श्रीलंका टेस्ट मैच की दोनों पारियों में शतक लगाने वाले तीसरे श्रीलंकाई बल्लेबाज हैं। इससे पहले अरविंदा डी सिल्वा और दुलीप मेंडिंस ने ये कारनामा किया था। अब करीब 29 साल बाद ये बड़ा कारनामा देखने को मिला है।

SL बनाम IND टेस्ट मैच की दोनों पारियों में शतक

  • दुलीप मेंडिस – 105 और 105, चेन्नई, 1982
  • अरविंदा डी सिल्वा – 146 और 120, कोलंबो (SSC), 1997
  • सोनाल दिनुशा – 103 और 100*, कोलंबो (SSC), 2026

Search

Archives