Home » ICC एंटी-डोपिंग कोड का उल्लंघन : आसिफ खान पर लगा 15 महीने का बैन, फैसले के खिलाफ नहीं कर पाएंगे अपील
खेल

ICC एंटी-डोपिंग कोड का उल्लंघन : आसिफ खान पर लगा 15 महीने का बैन, फैसले के खिलाफ नहीं कर पाएंगे अपील

खेल जगत में डोपिंग से जुड़ा एक और मामला सामने आया है। संयुक्त अरब अमीरात यानी UAE के अनुभवी बल्लेबाज आसिफ खान को प्रतिबंधित पदार्थ के सेवन का दोषी पाए जाने के बाद 15 महीने के लिए क्रिकेट से बैन कर दिया गया है। ICC एंटी-डोपिंग कोड का उल्लंघन स्वीकार करने के बाद आसिफ ने वर्ल्ड डोपिंग रोधी एजेंसी यानी WADA और इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल के साथ केस रिजॉल्यूशन एग्रीमेंट के तहत इस सजा को स्वीकार कर लिया।

नहीं कर पाएंगे अपील :  ICC के नियमों के अनुसार, 8 सितंबर 2025 से लेकर 29 दिसंबर 2025 को उनके अस्थायी बैन शुरू होने तक के आसिफ के व्यक्तिगत नतीजों को भी रद्द कर दिया गया है। इसके चलते इस अवधि के दौरान मिले किसी भी मेडल, पॉइंट, पुरस्कार राशि या अन्य पुरस्कार पर उनका दावा समाप्त हो जाएगा। केस रिजॉल्यूशन एग्रीमेंट के तहत इस फैसले के खिलाफ अपील का कोई अधिकार नहीं है।

गौरतलब है कि आसिफ खान ने 2022 में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था और इसके बाद से वह UAE के लिए 38 ODI और 56 T20 इंटरनेशनल मुकाबले खेल चुके हैं। उनके निलंबन से UAE क्रिकेट को झटका लगा है, क्योंकि वह टीम के अनुभवी खिलाड़ियों में शामिल रहे हैं। अब आसिफ की नजर सजा पूरी होने के बाद मैदान पर वापसी करने पर होगी, लेकिन तब तक UAE की टीम को उनके बिना ही अपनी आगे की योजनाएं बनानी होंगी। हाल ही में ICC ने एक खिलाड़ी पर 8 साल का बैन लगाया था।

Search

Archives