नई दिल्ली। वाट्सएप ने यूजरनेम फीचर को लेकर केंद्र सरकार के नोटिस का जवाब दे दिया है। सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय अब इस जवाब की समीक्षा कर रहा है। सरकार ने फिलहाल इस फीचर के रोलआउट पर रोक लगा रखी है। वहीं, इसी मामले में नोटिस पाने वाले टेलीग्राम और सिग्नल ने अभी तक अपना जवाब नहीं भेजा है।
सरकार ने पिछले सप्ताह वाट्सएप के प्रस्तावित यूजरनेम फीचर पर चिंता जताते हुए कहा था कि इसका दुरुपयोग आनलाइन ठगी, फिशिंग, डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों और पहचान छिपाकर किए जाने वाले हमलों में हो सकता है। इस फीचर के जरिए उपयोगकर्ता बिना मोबाइल नंबर साझा किए एक-दूसरे से संपर्क कर सकेंगे। सरकार ने निर्देश दिया था कि उसकी संतुष्टि तक इस फीचर को लांच नहीं किया जाए।
सूत्रों के अनुसार, वाट्सएप का जवाब आइटी मंत्रालय को मिल चुका है और उसकी समीक्षा की जा रही है। हालांकि मंत्रालय ने इस पर आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है।
आईटी सचिव एस. कृष्णन ने गुरुवार को कहा था कि टेलीग्राम और सिग्नल से अभी जवाब नहीं मिला है और सभी पक्षों के जवाब मिलने के बाद मामले की जांच की जाएगी। नोटिस मिलने के बाद मेटा की टीम ने पिछले सप्ताह आइटी मंत्रालय के अधिकारियों से मुलाकात भी की थी। सरकार ने मेटा से पूछा है कि प्रस्तावित फीचर पर आइटी अधिनियम और नियमों के तहत कार्रवाई क्यों न की जाए। साथ ही कंपनी को याद दिलाया गया कि एक प्रमुख इंटरनेट मीडिया इंटरमीडियरी होने के नाते उस पर आवश्यक सावधानियां बरतने की कानूनी जिम्मेदारी है।







