Home » छात्रा से रेप का आरोपी उपसरपंच पति बिहार से गिरफ्तार, पुलिस को चकमा देकर हो गया था फरार
छत्तीसगढ़

छात्रा से रेप का आरोपी उपसरपंच पति बिहार से गिरफ्तार, पुलिस को चकमा देकर हो गया था फरार

पटना में छिपा था महिला मित्र के साथ

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में 14 साल की आदिवासी नाबालिग छात्रा से रेप के मामले में फरार चल रहे उप सरपंच के पति तरुण कुमार जायसवाल को बिहार पुलिस ने देर रात पटना से हिरासत में लिया है। आरोपी अपने महिला मित्र के साथ छिपा हुआ था। बता दें कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर एक दिन पहले सर्व आदिवासी समाज ने उग्र प्रदर्शन किया था।

क्या है मामला

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के एक गांव की कक्षा 7वीं में पढ़ने वाली नाबालिग छात्रा 20 जुलाई को उप सरपंच के घर काम करने गई थी। वह सुबह-शाम घर का काम और खाना बनाने का काम करती थी।

इसी दौरान उप सरपंच के पति तरुण कुमार जायसवाल ने छात्रा को मोबाइल पर अश्लील वीडियो दिखाया और उसके साथ दो बार दुष्कर्म किया। पीड़िता के विरोध करने पर आरोपी ने उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि अगले दिन 21 जुलाई को आरोपी ने उसके पिता को 8 लाख रुपए देने का प्रस्ताव दिया और इस संबंध में एक पंचनामा भी तैयार कराया। साथ ही परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई।

एफआईआर दर्ज होते ही फरार हो गया आरोपी

22 जुलाई को करीब 100 ग्रामीण कोतवाली थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। उस समय आरोपी अंबिकापुर के चोपड़ापारा स्थित अपने फ्लैट में था। पुलिस जब उसे पकड़ने पहुंची, उससे पहले ही वह फरार हो गया।

भागने के दौरान आरोपी ने सूरजपुर जिले के रनहत स्थित अपने ससुराल में कार छोड़ दी और वहां से फरार हो गया। सरगुजा एसएसपी राजेश अग्रवाल ने आरोपी की गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। पुलिस ने आरोपी की लाइसेंसी 12 बोर बंदूक भी जब्त कर ली थी।

ऐसे मिला आरोपी का क्लू

आरोपी तरुण जायसवाल बिहार के पटना में अपनी एक महिला मित्र के साथ वहां छिपा हुआ था। पुलिस को महिला मित्र पर संदेह होने के बाद उसका मोबाइल भी सर्विलांस पर लगाया गया था। देर शाम कुछ देर के लिए महिला मित्र का मोबाइल चालू हुआ, जिससे पुलिस को उसकी लोकेशन मिल गई। सूचना मिलने पर पटना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों को पकड़ लिया। इसके बाद सरगुजा पुलिस आरोपी को ट्रांजिट पर लेकर अंबिकापुर लाने के लिए पटना रवाना हो गई।

Search

Archives