Home » मेडे मेडे: फ्लोरिडा में मिसाइल की तरह सड़क पर गिरा प्लेन, 9 लोगों की मौत
दुनिया

मेडे मेडे: फ्लोरिडा में मिसाइल की तरह सड़क पर गिरा प्लेन, 9 लोगों की मौत

वीडियो में कैद खौफनाक मंजर

फ्लोरिडा। फ्लोरिडा में एक व्यस्त सड़क के पास नौ लोगों को ले जा रहा एक बिजनेस जेट रविवार को आसमान से नीचे गिरा और आग के गोले में तब्दील हो गया। इस घटना को वहां से गुजर रहे वाहन चालकों ने अपने वीडियो में कैद कर लिया।

समाचार एजेंसी एपी के अनुसार, अमेरिकी परिवहन सचिव शॉन डफी ने बताया कि विमान में सवार सभी नौ लोगों की मौत हो गई है। बहामास जा रहा लियरजेट 60 विमान पाम बीच काउंटी के ग्रीनएक्रस में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि यह पास के घरों या वहां से गुजर रहे वाहनों से नहीं टकराया। चश्मदीदों के मुताबिक, ऐसा लगा मानो कोई मिसाइल गिरी हो।

पायलट की आखिरी बातचीत

इस हादसे के कारण सड़क के किनारे एक बड़ा गड्ढा बन गया और पूरा इलाका आग की लपटों और घने काले धुएं से भर गया। एयर ट्रैफिक कंट्रोल की रिकॉर्डिंग से उड़ान के आखिरी पलों की भयावह स्थिति का पता चलता है। पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को बताया था कि मौसम खराब हो रहा है, विमान में झटके (टर्बुलेंस) महसूस हो रहे हैं और विमान पर बर्फ जम रही है। इसके बाद पायलट ने मदद के लिए डिस्ट्रेस कॉल (आपातकालीन संदेश) जारी किया।

पायलट ने शुरुआत में एयर ट्रैफिक कंट्रोलर्स को बताया, ष्विमान पर हल्की और साफ बर्फ जमी है जिसे संभाला जा सकता है और थोड़ी बहुत उथल-पुथल (टर्बुलेंस) भी है। इसके बाद मौसम और खराब हो गया और विमान पर बारिश या बर्फबारी होने लगी, जिसके चलते पायलट ने 2,000 फीट ऊपर जाने की अनुमति मांगी।

मेडे, मेडे (आपातकालीन संकेत), हम नीचे गिर रहे हैं

विमान बहुत तेजी से नीचे गिरने लगा, जिसके बाद पायलट ने आपातकाल (इमरजेंसी) घोषित कर दिया। पायलट ने रेडियो पर कहा, हम 8,000 फीट नीचे जा रहे हैं – मेडे, मेडे (आपातकालीन संकेत) हम 10,000 फीट प्रति मिनट की रफ्तार से नीचे गिर रहे हैं। बाद में पायलट ने बताया कि विमान की गति बहुत ज्यादा हो गई है और वह और भी तेजी से नीचे गिर रहा है। पायलट ने कहा, हम ओवरस्पीड की स्थिति में हैं और 20,000 फीट प्रति मिनट की रफ्तार से नीचे जा रहे हैं। इसके तुरंत बाद उसने कहा, हम जमीन से टकराने वाले हैं।