Home » छत्तीसगढ़ से 35 टन सरिया लेकर निकला ट्रक, प्रयागराज पहुंचने से पहले गायब
छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ से 35 टन सरिया लेकर निकला ट्रक, प्रयागराज पहुंचने से पहले गायब

चालक की खुली पोल

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ से उत्तर प्रदेश के प्रयागराज भेजा जा रहा 35 टन सरिया रास्ते से गायब होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि ट्रक चालक ने वाहन मालिक और एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर पूरा माल सोनभद्र के डिबुलगंज क्षेत्र में बेच दिया। निर्धारित समय पर सरिया नहीं पहुंचने और चालक का मोबाइल बंद मिलने के बाद मामले का खुलासा हुआ। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

20 अक्टूबर को ट्रक में लोड हुआ था 35 टन सरिया

जानकारी के मुताबिक, छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में स्थित भारत स्टील फर्म के मैनेजर अंकित जायसवाल ने पुलिस को शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि 20 अक्टूबर को एक ट्रक में 35 टन सरिया लोड किया गया था। इसे प्रयागराज स्थित कृष्णा स्टील पहुंचाया जाना था। माल लेकर ट्रक निर्धारित स्थान के लिए रवाना हुआ, लेकिन तय समय पर डिलीवरी नहीं हुई।

चालक ने वाहन खराब होने का बनाया बहाना

जब मैनेजर ने ट्रक चालक रियाजुद्दीन से संपर्क किया तो उसने वाहन खराब होने की बात कही। वह कई दिनों तक इसी तरह टालमटोल करता रहा। इसके बाद चालक का मोबाइल फोन बंद हो गया। मैनेजर ने ट्रांसपोर्टर और वाहन मालिक से भी संपर्क किया, लेकिन उन्हें माल की स्थिति के बारे में कोई संतोषजनक जानकारी नहीं मिली।

जांच में सामने आई तीन लोगों की मिलीभगत

करीब 10 दिन तक माल का पता नहीं चलने पर छानबीन शुरू की गई। इस दौरान जानकारी मिली कि चालक रियाजुद्दीन ने वाहन मालिक सद्दाम और राजा बाबू जायसवाल के साथ मिलकर कथित तौर पर 35 टन सरिया सोनभद्र के डिबुलगंज क्षेत्र में बेच दिया। इसके बाद फर्म के मैनेजर ने पुलिस से शिकायत की।

अनपरा थाने में की गई शिकायत

पीड़ित की ओर से 31 अक्टूबर को अनपरा थाने में लिखित शिकायत दी गई। थाना प्रभारी राजेश चौबे ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपितों को जल्द पकड़ने और सरिया की बरामदगी के लिए कार्रवाई की जाएगी।