नई दिल्ली। भारतीय टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की सीरीज के चौथे मुकाबले में शुक्रवार को 87 रन से हार मिली। न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत के सामने 260 रनों का लक्ष्य रखा, जवाब में टीम इंडिया 20 ओवर खेलकर सिर्फ 172 रन ही बना पाई।
टीम इंडिया ने इस मैच से पहले न्यूजीलैंड में खेले पिछले 10 टी20 मुकाबलों में जीत हासिल की थी, जिसमें उनका विजयी अभियान 11वें मुकाबले में आकर रुक गया और 7 सालों के बाद न्यूजीलैंड में भारतीय टीम को टी20 इंटरनेशनल में हार का सामना करना पड़ा।
इस मैच में एकबार फिर से जहां गेंदबाजों का खराब प्रदर्शन देखने को मिला तो वहीं बल्लेबाज भी पूरी तरह से निराश करते हुए नजर आए। मुकाबला खत्म होने के बाद टीम इंडिया के कप्तान श्रेयस अय्यर के बयान में भी निराशा देखने को मिली जिसमें उन्होंने पावरप्ले में अधिक विकेट गंवाने को बड़ा कारण बताया और आखिरी मैच में वापसी को लेकर उम्मीद भी जताई है।
श्रेयस अय्यर ने अपने बयान में आगे कहा कि अब हम हैमिल्टन जा रहे हैं और बीच में बस एक दिन का ब्रेक है। इसलिए, मुझे लगता है कि हमें फिर से रणनीति बनानी होगी ताकि अगले मैच में अपनी पूरी क्षमता के साथ मैदान पर उतरे। इस मैदान के आकार को लेकर साथी खिलाड़ियों के साथ हमारी बातचीत बस यही थी कि हमें पता था कि मैदान का आकार ऐसा होने वाला है और कुछ खिलाड़ियों के लिए ऐसे मैदानों पर खेलना पहली बार था। इसलिए, इस चुनौती के हिसाब से ढलने में थोड़ा समय लगता है। मैं समझता हूं कि यह आसान नहीं है, लेकिन पहले तीन मैचों में उन्होंने जिस तरह का प्रदर्शन किया वह शानदार था।







