वाशिंगटन। अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ द्वारा बर्खास्त किए गए लेफ्टिनेंट जनरल ब्रेट सिल्विया ने स्वीकार किया है कि उन्होंने करीब एक साल तक ईरान और यूक्रेन युद्ध से जुड़ी गोपनीय जानकारी पत्रकारों को लीक की। आंतरिक जांच रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ है।
सिल्विया जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के स्ट्रैटेजी, प्लान्स एंड पॉलिसी डायरेक्टोरेट (जे 5) के प्रमुख थे। उन्होंने दो अलग-अलग मीडिया आउटलेट्स के पत्रकारों के साथ गोपनीय जानकारी साझा करने की बात मानी। एक्सिओस की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी अधिकारी के मुताबिक, उन्होंने कई पॉलीग्राफ टेस्ट फेल करने के बाद वीडियो पर यह स्वीकारोक्ति की।
रिपोर्ट के अनुसार, लीक जून 2025 से शुरू हुआ और पेंटागन द्वारा मीडिया एक्सेस पर सख्ती के बाद भी जारी रहा। सिल्विया ने एन्क्रिप्टेड ऐप सिग्नल के जरिए पत्रकारों से संपर्क रखा।
एक पत्रकार से वे वर्जीनिया के अर्लिंगटन में सिल्वर डाइनर में व्यक्तिगत रूप से मिले। उस मुलाकात में उन्होंने गोपनीय रिपोर्ट के नोट्स के आधार पर यूक्रेन को अमेरिकी सहायता की जानकारी मौखिक रूप से दी। पत्रकार किताब लिख रहा था और दोनों दो बार मिले। सिल्विया ने पेंटागन के पब्लिक अफेयर्स ऑफिस से अनुमति नहीं ली।







