कोरबा । विदेश में नौकरी का झांसा देकर युवती को म्यांमार के ‘केके पार्क’ में बंधक बनाकर साइबर ठगी कराने वाले गिरोह की एक महिला सदस्य को कोरबा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थाना दर्री पुलिस द्वारा की गई है।
पीड़िता की सूचना पर भारतीय दूतावास और स्थानीय प्रशासन की मदद से उसे सुरक्षित भारत वापस लाया गया। कोरबा लौटने के बाद पीड़िता ने थाना दर्री में पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत पर थाना दर्री में अपराध क्रमांक 331/2026, धारा 143(2), 146 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस को इस गिरोह में संलिप्तता के साक्ष्य मिले। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी स्नेहा भथलाल बडोले, उम्र 35 वर्ष, निवासी जिला गोंदिया, महाराष्ट्र को गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड प्राप्त की गई है। पुलिस अब अन्य आरोपियों और इस गिरोह के डिजिटल व वित्तीय नेटवर्क की जांच कर रही है।







