Home » स्पेन में 2 हाई-स्पीड ट्रेनों की भीषण टक्कर, कम से कम 39 लोगों की मौत
दुनिया

स्पेन में 2 हाई-स्पीड ट्रेनों की भीषण टक्कर, कम से कम 39 लोगों की मौत

मैड्रिड। स्पेन में दो हाई स्पीड ट्रेनों की आपस में टक्कर हो गई, जिसमें कम से कम 39 लोगों की मौत हुई है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, टक्कर के बाद दो डिब्बे पटरी से उतरकर ढलान पर पलट गए। हादसा बुधवार स्थानीय समयानुसार सुबह 9 बजे टोलेडो प्रांत के लॉस येबनेस और उर्डा शहरों के बीच हुआ। हादसे के बाद मैड्रिड, स्यूदाद रियल और अंदालूसिया रूट पर ट्रेन सेवाएं रोक दी गई हैं।

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के हवाले से समाचार एजेंसी AP ने बताया कि दोनों ट्रेनें एक ही दिशा में जा रही थीं। इस दौरान एक ट्रेन दूसरी ट्रेन के पिछले हिस्से से टकरा गई, जिससे उसकी दो बोगियां पटरी से उतर गईं। स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने ट्रेन हादसे के प्रति दुख जताते हुए पीड़ितों के साथ एकजुटता जाहिर की है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में सांचेज ने लिखा कि वह “टोलेडो में हुए गंभीर ट्रेन हादसे से स्तब्ध” हैं।

जनवरी में हुआ था बड़ा ट्रेन हादसा

स्पेन में यह इसी साल में हुआ दूसरा बड़ा ट्रेन हादसा है। इसके पहले साल की शुरुआत में 18 जनवरी को दक्षिणी स्पेन में दो ट्रेनें आपस में टकरा गई थीं। उस हादसे में 45 लोगों की मौत हुई थी और 170 लोग घायल हुए थे। उस समय इरियो से मैड्रिड जा रही एक ट्रेन पटरी से उतर गई थी। इसमें 300 लोग सवार थे। पटरी से उतरने के बाद यह दूसरी तरफ के ट्रैक पर आ गई थी। उसी दौरान मैड्रिड से ह्यूलवा जा रही दूसरी ट्रेन वहां से गुजरी और टक्कर हो गई। इस ट्रेन में 200 यात्री सवार थे।

Search