Home » सीतामढ़ी नहर में बहे युवक का 3 दिन बाद भी नहीं मिला सुराग, जलस्तर कम करने की मांग
कोरबा • छत्तीसगढ़

सीतामढ़ी नहर में बहे युवक का 3 दिन बाद भी नहीं मिला सुराग, जलस्तर कम करने की मांग

कोरबा। सीतामढ़ी क्षेत्र से गुजरी नहर में बहे सतीश रजक नामक युवक का तीन दिन बाद भी कोई पता नहीं चल पाया है। जिला नगर सेना की गोताखोर टीम लगातार उसकी तलाश में जुटी है, लेकिन नहर में पानी का तेज बहाव रेस्क्यू अभियान में बाधा बन रहा है। युवक का सुराग नहीं मिलने से चिंतित परिजन और स्थानीय लोग गुरुवार सुबह कोतवाली पहुंचे। उन्होंने सतीश की तलाश तेज करने और नहर में पानी का स्तर कम कराने की मांग की है।

खाना खाने के बाद नहर की ओर गया था सतीश

जानकारी के अनुसार सतीश रजक हमाली का काम करता है। उसके परिवार में पत्नी और 11 वर्ष व 3 वर्ष के दो बच्चे हैं। परिजनों ने बताया कि घटना वाले दिन दोपहर करीब 3 बजे सतीश ने बच्चों को खाना खिलाया और खुद भी भोजन किया। इसके बाद वह घर के पास स्थित नहर की ओर एक अन्य व्यक्ति के साथ गया था। इसी दौरान सीतामणी बसोड़ मोहल्ले के सामने से गुजर रही नहर में उसके बह जाने की जानकारी सामने आई।

साथ गए व्यक्ति ने घटना की सूचना परिजनों को दी, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही डायल 112 और कोतवाली पुलिस की टीम पहुंची। इसके बाद जिला नगर सेना की गोताखोर टीम को बुलाकर सर्च ऑपरेशन शुरू कराया गया।

तेज बहाव के कारण तलाश करने में परेशानी

घटना के बाद से गोताखोर लगातार नहर में सतीश की तलाश कर रहे हैं, लेकिन पानी की गति अधिक होने के कारण अभियान में मुश्किलें आ रही हैं। तीन दिन बीतने के बावजूद युवक का कोई सुराग नहीं मिलने से परिवार की चिंता बढ़ गई है।

परिजन और बस्ती के लोग कोतवाली पहुंचे। उन्होंने प्रशासन से रेस्क्यू अभियान में तेजी लाने, नहर का जलस्तर कम कराने और आसपास के गांवों में मुनादी कराने मांग की। स्थानीय लोगों का कहना है कि आसपास के इलाकों में सूचना पहुंचने से युवक के संबंध में कोई जानकारी मिलने की संभावना बढ़ सकती है।

पुलिस ने दर्ज की गुम इंसान की रिपोर्ट

सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के मुताबिक, घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की थी। मामले में गुम इंसान की रिपोर्ट दर्ज की गई है। इसके साथ ही भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 143 के तहत भी मामला दर्ज किया गया है। गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश जारी है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नहर में पानी का बहाव तेज होने के कारण उसके आसपास नहाने या जोखिम उठाने से बचें। फिलहाल सतीश की तलाश जारी है और उसके मिलने का इंतजार किया जा रहा है।