केशकाल। कोंडागांव जिले के केशकाल थाना क्षेत्र के ग्राम अरंडी में पूर्व सरपंच गोविंद नेताम की हत्या के मामले में पुलिस ने उनकी दूसरी पत्नी भगनी नेताम को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, महिला ने धारदार हथियार से वार कर पति की हत्या की और वारदात के बाद फरार हो गई थी। उसे सोमवार सुबह ग्राम बेड़मा के पास से पकड़ा गया। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी महिला अपने पहले पति की हत्या के मामले में भी करीब 10 साल जेल में रह चुकी है।
घर में सो रहे पूर्व सरपंच की धारदार हथियार से हत्या
जानकारी के मुताबिक, बीती रात ग्राम अरंडी निवासी पूर्व सरपंच गोविंद नेताम अपने घर में सो रहे थे। इसी दौरान धारदार हथियार से उनकी हत्या कर दी गई। घटना के समय घर में पति-पत्नी दोनों मौजूद थे, लेकिन वारदात के बाद मृतक की पत्नी भगनी नेताम घर से गायब मिली।
सुबह घटना की सूचना मिलते ही केशकाल थाना प्रभारी रितेश मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
बेड़मा के पास से गिरफ्तार हुई आरोपी महिला
केशकाल एसडीओपी अरुण नेताम और टीआई रितेश मिश्रा ने आरोपी की तलाश के लिए तत्काल पुलिस टीम गठित की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि हत्या में मृतक की दूसरी पत्नी भगनी नेताम की भूमिका है। लगातार तलाश के बाद पुलिस टीम ने उसे ग्राम बेड़मा के पास से गिरफ्तार कर लिया।
शराब के नशे में विवाद के बाद हत्या की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी के बीच शराब के नशे में आए दिन विवाद और झगड़े होते रहते थे। पुलिस को आशंका है कि बीती रात भी दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद महिला ने धारदार हथियार से गोविंद नेताम पर हमला कर दिया। इसके बाद वह मौके से फरार हो गई। हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह का पता पूछताछ और विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।
पहले पति की हत्या मामले में भी जा चुकी है जेल
इस मामले में आरोपी महिला का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार, भगनी नेताम अपने पहले पति की हत्या के मामले में करीब 10 साल जेल में रह चुकी है। बताया गया है कि जेल से बाहर आने के बाद वर्ष 2023 से वह गोविंद नेताम के साथ रह रही थी।
पुलिस कर रही हत्या के कारणों की जांच
केशकाल एसडीओपी अरुण नेताम ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम बनाकर मृतक की पत्नी की तलाश शुरू की गई थी। उसे ग्राम बेड़मा के पास से गिरफ्तार किया गया है। घटनास्थल से फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं।
फिलहाल पुलिस आरोपी महिला से पूछताछ कर रही है। हत्या में इस्तेमाल हथियार, वारदात की परिस्थितियों और वास्तविक वजह को लेकर जांच जारी है।







