Home » मछुआरों को बचाने गई SDRF की दो नाव पलटी, 10 कांस्टेबल लापता
देश

मछुआरों को बचाने गई SDRF की दो नाव पलटी, 10 कांस्टेबल लापता

तेलंगाना के खम्मम जिले में बड़ा हादसा हुआ है। यहां बेथुपल्ली झील में मछुआरों को बचाते समय रेस्क्यू के लिए गई SDRF की दो नावें अचानक पलट गईं। सामने आई जानकारी के मुताबिक, तेज हवा और पानी के बहाव के कारण ये नावें पलट गई हैं जिसके बाद 10 कांस्टेबल लापता हैं। डाइवर्स और बचावकर्मी इन सभी 10 लापता कांस्टेबलों की तलाश में जुटे हुए हैं।

कैसे हुआ हादसा? :  दरअसल, ये हादसा खम्मम जिले के सथुपल्ली मंडल में हुआ है। इलाके में स्थित बेथुपल्ली झील में पांच मछुआरों को बचाते समय SDRF की दो नावें अचानक पलट गईं। इसके बाद डीप-सी डाइवर्स और बचावकर्मी 10 लापता कांस्टेबलों की तलाश में जुटे हुए हैं। वहीं, सीनियर अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं और हालात पर नजर रख रहे हैं। हादसे की जानकारी सामने आने के बाद से मौके पर तनाव का माहौल है।

CM रेवंत रेड्डी ने क्या कहा? :  तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने भी खम्मम जिले में हुए हादसे का संज्ञान लिया है और अधिकारियों को रेस्क्यू में जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने खम्मम जिले कलेक्टर को SDRF के जवानों को सुरक्षित निकालने के लिए सभी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने चीफ सेक्रेटरी को समय-समय पर स्थिति का रिव्यू करने के भी निर्देश दिए हैं।