Home » ज्वेलरी शॉप से लाखों का जेवर ले उड़ी तीन महिलाएं, पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी में हुई कैद
छत्तीसगढ़

ज्वेलरी शॉप से लाखों का जेवर ले उड़ी तीन महिलाएं, पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी में हुई कैद

0 निहारिका के दिव्या ज्वेलर्स में वारदात
0 जेवर देखने के बहाने दो चैन, दो लॉकेट सहित लाखों का माल पार

कोरबा। निहारिका के दिव्या ज्वेलर्स में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां तीन महिलाएं ज्वेलरी खरीदने के लिए पहुंची थीं। दुकान संचालक से जेवर दिखा रहे थे। इसी दौरान महिलाओं ने लाखों रुपए कीमती सोने के जेवर पार कर दिया। जब तक दुकान संचालक को इसकी भनक लगी, तब तक बहुत देर हो चुकी थी और तीनों महिला वहां से फरार हो चुकी थीं। दुकान संचालक ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाला तो तीनों महिलाएं जेवर छुपाकर भागती नजर आई। पुलिस ने तत्काल हरकत में आई और मामले की छानबीन में जुट गई।

जानकारी के अनुसार सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत निहारिका में दिव्या ज्वेलर्स का संचालन अखिल देवांगन के द्वारा किया जाता है। बताया जाता है कि शुक्रवार की दोपहर लगभग 12 बजे 3 महिलाएं ज्वेलर्स खरीदने के नाम पर दुकान पहुंची थीं। जहां दुकान संचालक और कर्मियों द्वारा एक-एक कर अलग-अलग जेवर दिखाया जा रहा था। इसी बीच तीनों महिलाओं ने दुकान में रखे दो सोने की चेन, दो लॉकेट सहित लगभग 28 ग्राम सोने का कुल कीमती लगभग 4 लाख का जेवर पार कर दिया। जब दुकान संचालक अखिल देवांगन को यह पता चला कि उसके दुकान से सोने के जेवरात गायब हैं तो उसके होश उड़ गए और उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस के अफसर को दी।

उठाईगिरी की सूचना पाते ही नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी, सिविल लाइन थाना प्रभारी आस्था शर्मा अपने दलबल सहित मौके पर पहुंचे और दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने लगे। जहां तीन महिलाएं चोरी करते हुए सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई हैं। पुलिस की टीम सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महिलाओं की छानबीन शुरू कर दी है।

पुलिस को मिला सुराग

लाखों रुपए कीमती जेवर उठाईगिरी के मामले में पुलिस को अहम सुराग हाथ लगा है, जिसके आधार पर पुलिस की टीम मामले की छानबीन में जुटी हुई है। जिस तरह से पुलिस को सुराग हाथ लगा है, उसके आधार पर संभावना जताई जा रही है कि जल्द ही पुलिस तीनों महिलाओं को पकड़ लेगी और जेवरों को बरामद कर लेगी। फिलहाल पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर पुलिस की अलग-अलग टीम महिलाओं को पकड़ने का प्रयास कर रही है।

अपील के बाद भी लापरवाही

जिला पुलिस द्वारा जिले के समस्त सर्राफा व्यापारियों को सूचित एवं सचेत किया जाता रहा कि बाहर अन्य राज्यों से सोना-चांदी के पुराने आभूषण लेकर एक्सचेंज करने आने वाले व्यक्तियों से किसी भी प्रकार का लेन-देन करने से पूर्व विशेष सावधानी बरतें। पुलिस ने सर्राफा व्यापारियों से अपील की की थी है कि अज्ञात एवं संदिग्ध व्यक्तियों से लेन-देन न करें। आभूषणों की गुणवत्ता एवं सत्यता की उचित जांच सुनिश्चित करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा व्यक्ति की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस नियंत्रण कक्ष को दें। इसके बावजूद सर्राफा व्यापारी ने लापरवाही बरती और नुकसान उठानी पड़ी।

Search

Archives