गोविंदा की पर्सनल लाइफ एक बार फिर सुर्खियों में है। गणपति उत्सव के दौरान जब अभिनेता अपनी को-स्टार कोमल रानी स्वर्णकार के साथ मुंबई के मशहूर लालबागचा राजा के दर्शन करने पहुंचे, तो उनकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए। दोनों के साथ नजर आने के बाद एक बार फिर उनके कथित रिश्ते को लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं। अब एक्ट्रेस राखी सावंत ने इस पूरे मामले पर खुलकर रिएक्शन दिया है। इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो में राखी ने गोविंदा को लेकर सवाल उठाए और कहा कि उन्हें गणपति बप्पा के दर्शन के लिए अपनी पत्नी सुनीता आहूजा को साथ ले जाना चाहिए था।
राखी सावंत ने वीडियो शेयर कर लगाई क्लास : राखी सावंत ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वो गोविंदा पर नाराजगी जताती नजर आ रही हैं। उन्होंने कोमल रानी के साथ लालबागचा राजा के दर्शन करने पहुंचने पर गोविंदा को फटकार लगाई। राखी ने कहा, ‘अरे चीची भैया, गोविंदा जी, आपको क्या हो गया है? इतने बड़े लालबाग गणपति में आप उस रूपा, कोमल, जो भी है… उसे लेकर गए। ये बहुत गलत बात है। आपको अपनी पत्नी सुनीता जी को लेकर जाना चाहिए था, जिनके साथ आपने जिंदगी के 40 साल गुजारे हैं। आपने ये बहुत गलत किया। सुनीता जी को क्यों साथ नहीं ले गए।’
राखी सावंत ने आगे कहा, ‘सुनीता जी हमेशा आपके साथ खड़ी रही हैं और आपको अपनी पत्नी का साथ देना चाहिए। किसी और महिला के साथ इस तरह घूमना सही नहीं है। बीवी को लेके जाना चाहिए था। ये अलग-अलग रहने का कोई मतलब नहीं है। आप जो भी कर लो, सुनीता जी आपको अकेले नहीं छोड़ेंगी। आप उनके साथ रहेंगे। कौन है ये कोमल? ठीक है, एक्ट्रेस को साइड में रखिए।’
लालबागचा राजा के दर्शन पर साथ दिखे गोविंदा-कोमल : दरअसल, गणपति उत्सव के दौरान गोविंदा और कोमल रानी स्वर्णकार को लालबागचा राजा के दर्शन करते हुए देखा गया। गोविंदा इस दौरान सफेद पारंपरिक पोशाक में नजर आए, जबकि कोमल ने भी ट्रेडिशनल लुक अपनाया था। दोनों ने बप्पा के सामने पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद लिया। गोविंदा को वहां अंतिम आरती में शामिल होते हुए भी देखा गया। इस दौरान दोनों की मौजूदगी ने इसलिए भी लोगों का ध्यान खींचा क्योंकि पिछले कुछ समय से गोविंदा और कोमल के कथित रिश्ते को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चाएं चल रही हैं। हालांकि, दोनों ने कभी सार्वजनिक रूप से यह नहीं कहा है कि वे रिलेशनशिप में हैं।
कोमल की मांग में सिंदूर ने भी खींचा ध्यान : लालबागचा राजा के दर्शन के दौरान कोमल के माथे और मांग के पास सिंदूर दिखाई देने के बाद सोशल मीडिया पर एक और चर्चा शुरू हो गई। कुछ यूजर्स ने इसे शादी से जोड़कर सवाल पूछने शुरू कर दिए। हालांकि, सामने आए वीडियो के लंबे वर्जन में अलग तस्वीर दिखाई देती है। वीडियो में नजर आता है कि दर्शन के दौरान बप्पा के चरणों में लगा सिंदूर कोमल के सिर पर गिर जाता है। इसके बाद उनके बालों की मांग में सिंदूर दिखाई देता है। इसलिए इस घटना को दोनों की शादी की पुष्टि के तौर पर पेश नहीं किया जा सकता। गोविंदा और कोमल की तरफ से भी शादी या रिश्ते को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
सुनीता आहूजा ने भी दिया था इशारों में जवाब : गोविंदा और कोमल के वीडियो सामने आने के बाद उनकी पत्नी सुनीता आहूजा की एक बातचीत भी चर्चा में आ गई। पैपराजी से बातचीत के दौरान जब उनसे उनके पालतू कुत्ते विंटर को लेकर पूछा गया तो सुनीता ने इंसानों और जानवरों के प्यार की तुलना करते हुए कहा कि इंसानों से कितना भी प्यार कर लो, वे धोखा दे देते हैं, जबकि जानवर हमेशा साथ रहते हैं। सुनीता ने कहा कि लोगों की बजाय जानवरों से प्यार करना चाहिए और इंसान धोखेबाज होते हैं। उन्होंने इस दौरान गोविंदा या कोमल का नाम नहीं लिया। हालांकि उनका यह बयान उस समय सामने आया जब गोविंदा और कोमल की लालबागचा राजा वाली तस्वीरें सोशल मीडिया पर चर्चा में थीं, इसलिए इसे उनके निजी जीवन से जोड़कर देखा गया।
पहले भी कोमल को लेकर बोल चुकी हैं सुनीता : यह पहली बार नहीं है जब सुनीता आहूजा ने गोविंदा और कोमल को लेकर प्रतिक्रिया दी हो। इससे पहले भी उनके कुछ बयानों ने सुर्खियां बटोरी थीं। अगस्त में सुनीता ने गोविंदा के साथ कोमल के नजर आने पर नाराजगी जाहिर की थी। बाद में ऐसी रिपोर्ट्स भी सामने आईं जिनमें दावा किया गया कि सुनीता ने राखी सावंत से बातचीत के दौरान गोविंदा और कोमल की शादी को लेकर बात की थी। हालांकि गोविंदा के मैनेजर शशि सिन्हा ने इन दावों को खारिज कर दिया था। उन्होंने साफ किया था कि गोविंदा की दूसरी शादी का कोई सवाल ही नहीं है। इसके अलावा गोविंदा की ओर से कथित गुपचुप शादी की खबरों को लेकर कानूनी चेतावनी दिए जाने की बात भी सामने आई थी।
‘रूपा’ में साथ काम कर रहे हैं गोविंदा-कोमल : गोविंदा और कोमल रानी स्वर्णकार का रिश्ता फिलहाल आधिकारिक तौर पर एक प्रोफेशनल एसोसिएशन है। दोनों आने वाली फिल्म ‘रूपा’ में साथ नजर आने वाले हैं। गोविंदा ने इस साल की शुरुआत में कोमल को अपनी नई को-स्टार के तौर पर पेश किया था। इसके बाद दोनों की साथ में तस्वीरें और वीडियो सामने आने लगे और उनके लिंकअप की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया। फिलहाल दोनों के रिश्ते को लेकर किसी तरह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में लालबागचा राजा के दर्शन, कोमल की मांग में दिखा सिंदूर, सुनीता का बयान और अब राखी सावंत की प्रतिक्रिया ने इस पूरे मामले को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है। आने वाले दिनों में गोविंदा या कोमल इस मामले पर क्या कहते हैं, इस पर फैंस की नजर बनी हुई है।







