वाराणसी। रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर शुक्रवार को खराब मौसम के कारण पुणे और दिल्ली से रांची जा रहे इंडिगो के दो विमानों को वाराणसी एयरपोर्ट डायवर्ट करना पड़ा। दोनों विमानों ने वाराणसी में सुरक्षित लैंडिंग की। इनमें झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री अर्जुन मुंडा भी सवार थे। मौसम अनुकूल होने के बाद एक विमान रांची के लिए रवाना हो गया।
वहीं, इंडिगो की उड़ान संख्या 6E 6370 दिल्ली से रांची जा रही थी। रांची में खराब मौसम के चलते इस विमान को भी वाराणसी डायवर्ट किया गया। विमान सुबह करीब 10:16 बजे 216 यात्रियों और छह क्रू सदस्यों के साथ वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचा। इसे बे नंबर एक पर पार्क किया गया।
इस विमान में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा भी सवार थे। विमान में मौजूद 216 यात्रियों में से 64 ने वाराणसी में ही उतरने का विकल्प चुना। इसके बाद करीब 12:40 बजे विमान शेष यात्रियों को लेकर रांची के लिए रवाना हो गया।
एयरपोर्ट पर दोनों विमानों के यात्रियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। एयरलाइन की ओर से यात्रियों के गंतव्य और जरूरत के अनुसार आगे की यात्रा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई। खराब मौसम के कारण विमानों के मार्ग में बदलाव करना पड़ा, हालांकि दोनों विमानों की वाराणसी में सुरक्षित लैंडिंग हुई।







