Home » मेरा एनकाउंटर होगा ! सोनम वांगचुक ने जताई हत्या की आशंका, कहा-अंत तक लड़ते रहेंगे
देश

मेरा एनकाउंटर होगा ! सोनम वांगचुक ने जताई हत्या की आशंका, कहा-अंत तक लड़ते रहेंगे

लेह हिंसा के लिए अमित शाह को ठहराया जिम्मेदार

जम्मू। पर्यावरणविद और शिक्षाविद सोनम वांगचुक ने लेह हिंसा की पहली बरसी पर लोगों को संबोधित किया। उन्होंने लद्दाख के लोगों के साथ गलत व्यवहार के लिए केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि हम अंत तक अधिकारों के लिए लड़ते रहेंगे। केंद्र पर निशाना साधते हुए वांगचुक ने कहा कि लोग कहते हैं मेरा एनकाउंटर हो सकता है। मैं कहता हूं हो, यह मेरी आखिरी ख्वाहिश है। इससे देश जागेगा।

लेह में हुई हिंसा और नागरिकों की मौत की पहली बरसी पर वांगचुक ने कहा कि कि चीन भी तिब्बतियों के साथ वैसा व्यवहार नहीं करता जैसा नई दिल्ली लद्दाख के लोगों के साथ कर रही है। वांगचुक ने दावा किया कि पिछले साल 24 सितंबर को हुई हिंसा सुनियोजित थी और लद्दाख में सांप्रदायिक दंगे भडक़ाने की कोशिशें की गई थीं। हाल ही में दिल्ली में कॉकरोच प्रोटेस्ट का नेतृत्व करने वाले वांगचुक ने गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग की और उनसे लद्दाख में हुई हिंसा और नागरिकों की मौत की जिम्मेदारी लेने को कहा।

मुझे पता है कि आज बोलने के बाद वे (सरकार) मुझे दबाने की कोशिश करेंगे, उन्होंने पहले भी ऐसा किया है। मुझे जेल भेजा गया था। अब बस एनकाउंटर ही बाकी है। मेरी इच्छा है कि वे मुझे एनकाउंटर में मार दें। एक्सपर्ट्स मुझसे कहते हैं कि तुम्हारा एनकाउंटर हो जाएगा। होने दो, ताकि देश जाग सके। सोनम वांगचुक ने कहा कि आज लद्दाख में सैकड़ों लोग उन चार लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए जमा हुए हैं, जिनमें एक पूर्व युद्ध नायक भी शामिल थे, जो पिछले साल लेह में विरोध प्रदर्शनों के दौरान सुरक्षा बलों की फायरिंग में मारे गए थे।

Search