Home » जानें क्या हुआ जब एक ग्रामीण के घर घुस गया बाघ
देश

जानें क्या हुआ जब एक ग्रामीण के घर घुस गया बाघ

ओडिशा। मयूरभंज जिले के एक गांव में बाघ के घर में घुसने से लोगों में दहशत फैल गई। बाघ को घर के परिसर में देखकर एक परिवार डर गया और खुद को घर के अंदर बंद कर लिया। इसके बाद वन विभाग को इसकी सूचना दी गई। यह घटना करंजिया वन प्रमंडल के अंतर्गत सालेइबेडा ग्राम पंचायत के खपराखाई गांव की बताई जा रही है। घटना ने परिवार और पूरे इलाके में लोगों को डराकर रख दिया।

क्या है पूरा मामला? :  जानकारी के अनुसार, पिछले करीब तीन दिनों से इलाके में बाघ की मौजूदगी देखी जा रही है। बाघ के बार-बार गांव के आसपास दिखाई देने से ग्रामीण पहले से ही डरे हुए थे। गुरुवार रात एक परिवार ने अपने घर के परिसर में बाघ को बैठे हुए देखा। बाघ को इतने करीब देखकर परिवार के लोग घबरा गए और उन्होंने तुरंत खुद को घर के अंदर बंद कर लिया। इसके बाद परिवार ने वन विभाग को घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने बाघ को घर के परिसर से बाहर निकालने की कोशिश शुरू की। वन विभाग की टीम ने घर की लाइट बंद कर दी। इसके बाद बाघ वहां से निकलकर चला गया। इससे परिवार और आसपास मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। लेकिन कुछ ही समय बाद बाघ ने फिर से उसी गांव के एक दूसरे घर में एंट्री मार दी। इस बार ग्रामीणों ने उसे घर के अंदर बंद कर दिया। वन विभाग के कर्मचारी घर के बाहर तैनात हुए और बाघ को सुरक्षित तरीके से बाहर निकालकर जंगल में छोड़ा।

बता दें कि कुछ ही समय पहले ओडिशा के बालासोर जिले में सुबह-सुबह एक जंगली भालू घर में घुसकर बैठ गया था। वन विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर भालू को वहां से हटाया था। जंगली जानवरों के बार-बार गांव में आने से मयूरभंज के खपराखाई और आसपास के गांवों में भय का माहौल है।

Search