हाई ब्लड प्रेशर और डायबिटीज को अक्सर ऐसी बीमारियां माना जाता है जिनके लक्षण तुरंत दिखाई नहीं देते। यही वजह है कि इन्हें साइलेंट बीमारी भी कहा जाता है। कई लोगों को सालों तक पता ही नहीं चलता कि उनका BP या ब्लड शुगर सामान्य से ज्यादा है। लेकिन इस दौरान शरीर के अंदर धीरे-धीरे नुकसान होता रहता है। जो कई बार गंभीर परिस्थिति पैदा कर सकता है। इसलिए समय-समय पर अपना रुटीन चेकअप करवाते रहना चाहिए।
इन लोगों को रहना चाहिए सावधान : इसलिए इन बीमारियों का पता चलने का इंतजार या लक्षण आने तक नहीं रुकना चाहिए। नियमित रूप से BP की जांच और डॉक्टर की सलाह के अनुसार ब्लड शुगर और HbA1c की जांच कराना महत्वपूर्ण है। खासकर जिन लोगों में परिवार में डायबिटीज या हृदय रोग का इतिहास है। जिनका वजन ज्यादा है, शारीरिक गतिविधि कम है या उम्र बढ़ रही है, उन्हें नियमित स्क्रीनिंग पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
कंट्रोल हो सकता है ब्लड प्रेशर और डायबिटीज : समय पर बीमारी का पता चलने का सबसे बड़ा फायदा यह है कि हम शुरुआत से ही जीवनशैली और जरूरत पड़ने पर दवाओं के जरिए इसे नियंत्रित कर सकते हैं। संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद, तनाव पर नियंत्रण और धूम्रपान से दूर रहने से हार्ट को सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
बिना लक्षणों वाली बीमारी हो सकती हैं खतरनाक : इस बात पर ध्यान दें कि स्वस्थ महसूस करना हमेशा स्वस्थ होने की गारंटी नहीं है। कई बार शरीर में कुछ बीमारियां पनप रही होती हैं जिनका हमें पता नहीं चल पाता है। आजकल एडवांस टेस्ट हैं जिससे आप समय रहते बीमारी का पता लगा सकते हैं और कुछ खराब होने से पहले ही उसे ठीक या कंट्रोल कर सकते हैं। इसलिए नियमित जांच कराएं, अपने BP और शुगर को जानें और अगर कोई समस्या सामने आए तो समय पर डॉक्टर से सलाह लें। जल्दी पहचान और सही नियंत्रण लंबे समय तक हृदय को स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
डिस्क्लेमर: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के लिए है। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें।







