सहजनवा। विदेश भेजने के नाम पर डेढ़ दर्जन युवकों से ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक एजेंट ने युवकों से 16 लाख रुपये की वसूली कर ली और उन्हें विदेश नहीं भेजा। सोमवार को पीड़ित युवक सहजनवा थाने पहुंचकर आरोपित के विरुद्ध तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
युवकों ने पुलिस को बताया कि हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एजेंट ने सहजनवा के सरैया रहीमाबाद में कार्यालय खोल रखा था। वह युवाओं को जॉर्डन भेजने का झांसा देकर उनसे रुपये वसूलता था। आरोप है कि एजेंट ने बिहार निवासी रंजीत मद्धेशिया से 80 हजार रुपये, सोनू मद्धेशिया से 80 हजार रुपये, सोनू ठाकुर से 85 हजार रुपये, बलराम से 80 हजार रुपये, पप्पू कुशवाहा से 84 हजार रुपये, संजय कुशवाहा से 84 हजार रुपये और संजय सिंह से 50 हजार रुपये समेत डेढ़ दर्जन युवकों से कुल 16 लाख रुपये से अधिक की ठगी की है।
पीड़ितों का कहना है कि रुपये लेने के बाद उनके पासपोर्ट और अन्य जरूरी दस्तावेज भी अपने पास रख लिया। कई महीने बीतने के बाद जब युवाओं ने विदेश भेजने के बारे में पूछा तो वह टालमटोल करने लगा। सीओ गीडा योगेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।







