Home » करबला के आहूजा टीवी सेंटर में लगी भीषण आग, आसमान में उठा धुंए का गुबार, मचा हड़कंप
छत्तीसगढ़

करबला के आहूजा टीवी सेंटर में लगी भीषण आग, आसमान में उठा धुंए का गुबार, मचा हड़कंप

फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची

बिलासपुर। दीपावली के त्योहारी माहौल के बीच शनिवार को शहर के प्रमुख व्यवसायिक क्षेत्र करबला में आगजनी की बड़ी घटना सामने आई है। यहां आहूजा टीवी सेंटर के गोदाम में अचानक आग लगने से अफरा तफरी मच गई। दुकान की उपरी मंजिल से उठते धुएं का गुबार आसमान में देखकर आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के लिए मोर्चा संभाल लिया।

मिली जानकारी के अनुसार आग आहूजा टीवी सेंटर के सेकेंड फ्लोर पर स्थित गोदाम में लगी थी। शुरूआत में गोदाम से धुआं निकलना शुरू हुआ, लेकिन देखते ही देखते धुएं का गुबार आसमान में फैलने लगा। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। घनी आबादी और दुकानों से घिरे व्यवसायिक इलाके में आग की खबर से भीड़ जुटने लगी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल दमकल को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने आग बुझाने का प्रयाश शुरू किया। गोदाम में रखे सामान के कारण आग तेजी से फैलने की आशंका के बीच दमकल कर्मी आग को नियंत्रित करने में जुटे रहे।

फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। वहीं इस अग्निकांड में कितने का सामान जलकर खाक हुआ है, इसका आंकलन भी आग पूरी तरह बुझने के बाद हो सकेगा। इस हादसे के बाद व्यवसायिक क्षेत्र में फायर सेफ्टी को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।