Home » घर से लापता दो नाबालिग से दुष्कर्म, धमकी देकर किया शोषण
छत्तीसगढ़

घर से लापता दो नाबालिग से दुष्कर्म, धमकी देकर किया शोषण

दो युवकों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

बिलासपुर। चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम बोड़सरा से लापता हुई दो नाबालिग लड़कियों को पुलिस ने बरामद कर लिया है। पुलिस ने दैहिक शोषण के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों युवकों ने जान से मारने की धमकी देकर उनके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस और पाक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 26 अक्टूबर 2026 को एक महिला ने चकरभाठा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग बेटी और भतीजी बिना बताए घर से कहीं चली गई है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों की तलाश शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार जांच और पतासाजी में जुटी हुई थी। विवेचना के दौरान पुलिस ने दोनों नाबालिग लड़कियों को आरोपियों के कब्जे से बरामद कर लिया। संदेह के आधार पर युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देकर उनके साथ दुष्कर्म किया।

आरोपियों की पहचान सूरज भास्कर 24 वर्ष पिता अशोक भास्कर और जयप्रकाश खांडे 20 वर्ष पिता अंजोरदास खांडे दोनों निवासी धमधापारा छिंदभोग थाना पथरिया जिला मुंगेली के रूप में हुई है। चकरभाठा पुलिस ने बीएनएस की धारा 137(2), 64(2), 351(3) तथा पाक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया। जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।