सुसाइड नोट मिलने की जानकारी
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी इलाके में एक किराये के मकान के बंद कमरे से मां और बेटे की लाश से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। दोनों की मौत करीब तीन से चार दिन पहले होने की आशंका जताई जा रही है। कई दिनों से मां-बेटे के दिखाई नहीं देने और कमरे से दुर्गंध आने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां दोनों के शव बरामद हुए।
छोटा अशोक नगर में हुई घटना
यह घटना गुढ़ियारी के छोटा अशोक नगर की है। यहां दिलीप मंडल के मकान में जय जी देशमुख (52) अपने बेटे हंसमुख देशमुख (25) के साथ पिछले करीब चार वर्षों से किराये पर रह रही थीं। जानकारी के अनुसार, जय जी देशमुख ऑनलाइन टीचिंग का काम करती थीं, जबकि उनका बेटा बीमार रहता था। मकान मालिक के मुताबिक, बेटे का इलाज भी चल रहा था।
तीन-चार दिन से नहीं दिख रहे थे मां-बेटे
स्थानीय लोगों के अनुसार, मां-बेटे पिछले तीन से चार दिनों से आसपास दिखाई नहीं दिए थे। इसी दौरान कमरे से दुर्गंध आने लगी, जिससे लोगों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। गुढ़ियारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अंदर से बंद कमरे का दरवाजा तोड़कर जांच शुरू की।
कमरे में अलग-अलग जगह मिले शव
पुलिस को कमरे के अंदर महिला का शव फर्श पर और उसके बेटे का शव बिस्तर पर मिला। दोनों के शव कई दिन पुराने होने की आशंका है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटनास्थल से सुसाइड नोट भी मिला है। मामले में मां-बेटे द्वारा जहरीला पदार्थ सेवन कर आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। बेटे की बीमारी से परेशान होने की बात भी सामने आई है, हालांकि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस और एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और एसीपी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।







