Home » तुमान फीडर के दर्जन भर से अधिक गांव अंधेरे में डूबे, 20 हजार की आबादी रतजगा करने को मजबूर, क्षेत्र के लोगों में आक्रोश
कोरबा

तुमान फीडर के दर्जन भर से अधिक गांव अंधेरे में डूबे, 20 हजार की आबादी रतजगा करने को मजबूर, क्षेत्र के लोगों में आक्रोश

कोरबा-बरपाली। गर्मी शुरू होने के साथ ही विद्युत विभाग की लचर व्यवस्था की पोल खुलने लगी है। बरपाली विद्युत वितरण केंद्र के अंतर्गत आने वाले तुमान फीडर के दो दर्जन से अधिक गांव अंधेरे में डूबे हुए हैं। यहां पिछले 8 घण्टे से बिजली नहीं है। जिम्मेदार अधिकारियों को कॉल कर जानकारी देने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन कॉल रिसीव नहीं किया जा रहा है। बिजली बंद होने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है।देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में अपना योगदान देने वाले उर्जानगरी कोरबा की जनता को हर साल लचर विद्युत वितरण व्यवस्था का खामियाजा भुगतना पड़ता है। गर्मी की आहट शुरू होते ही एक बार फिर ग्रामीण अंचल में लोगों को बिजली की समस्या से जूझना पड़ रहा है। बरपाली विद्युत वितरण केंद्र के अंतर्गत आने वाले तुमान सब स्टेशन के दो दर्जन से अधिक गांव पिछले 8 घण्टे से अंधेरे में डूबे हैं। सूत्रों के अनुसार 33 केवी चाम्पा से मेंटेनेंस एवं अन्य तकनीकी खामियों को दुरुस्त करने बिजली बंद थी, लेकिन यह खराबी शाम तक दुरुस्त कर ली गई थी। इसके बावजूद पिछले 8 घण्टे से 20 हजार से अधिक की आबादी हलाकान है। इसकी पुख्ता जानकारी लेने बरपाली के लिए जेई संदीप मानिकपुरी के मोबाईल नंबर 94061 52352 में संपर्क किया गया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं करने की वजह से वास्तविक जानकारी नहीं मिल सकी। इसे लेकर क्षेत्र के लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों में विद्युत वितरण केंद्र बरपाली के अधिकारियों के इस गैर जिम्मेदाराना कार्य व्यवहार की वजह से हर साल नाराजगी रहती है। बावजूद इसके डीई इस फीडर में निर्बाध विद्युत व्यवस्था को लेकर संजीदा नहीं रहे।इन गावों में अंधेरा छायाशाम 7 बजे से बिजली बंद होने के बाद सुबह तक ग्रामीणों को इंतजार करना पड़ा। तुमान फीडर के पूर्व सांसद स्व. डॉ. बंशीलाल महतो के गृहग्राम पंचायत सलिहाभांठा, रामपुर विधायक ननकीराम कंवर के गृह ग्राम बंधवाभांठा, पकरिया, सरईडीह, तुमान, चिकनीपाली, पठियापाली, सुपातराई, ढोंढातराई, लबेद सहित दर्जनों गांव अंधेरे में डूबे हुए हैं। बरपाली फ़ीडर के भी दर्जनों ग्राम शाम 6 बजे से अंधेरे में डूबे हुए थे।

Search

Archives