भारत में भी अलर्ट जारी
काठमांडू। नेपाल के दरचुला जिले में भारी भूस्खलन के कारण चौलानी नदी आंशिक रूप से अवरुद्ध हो गई है। इससे नीचे की ओर बसे इलाकों में अचानक बाढ़ आने का खतरा बढ़ गया है। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले की सीमा से लगे नेपाल के दार्चुला जिले में भारी वर्षा के बीच अपिहिमाल गांव के ऊपर पहाड़ी से भारी भूस्खलन हुआ है। भूस्खलन अपी हिमाल ग्रामीण नगरपालिका के भट्टर क्षेत्र में हुआ। मलबा नदी में गिरने से उसके प्रवाह पर असर पड़ा है। जिला प्रशासन कार्यालय, दरचुला ने चेतावनी दी है कि अगर और भूस्खलन होते हैं तो नदी पूरी तरह बंद हो सकती है। इससे अचानक बाढ़ आने का खतरा पैदा हो सकता है।
अधिकारियों ने नदी किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और सावधानी बरतने की अपील की है। सुरक्षा कर्मी तैनात किए गए हैं, जो लोगों को चेतावनी दे रहे हैं और आपात स्थिति के लिए तैयार हैं।
नेपाल के अपि हिमाल के भट्टाड़ गांव वार्ड अध्यक्ष भगत सिंह ठेकरे बोहरा ने बताया कि शुक्रवार दोपहर पहाड़ी दरकने से यह घटना हुई। एहतियात के तौर पर भट्टाड़ गांव के 15 परिवारों को तत्काल शिफ्ट करा दिया गया है। साथ ही क्षेत्र की तीन जलविद्युत परियोजनाओं के कार्मिकों को भी सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश दे दिए गए हैं।







