बाहरी दिल्ली। अशोक विहार स्थित एक कोचिंग संस्थान के संचालक से 21 लाख रुपये रंगदारी मांगने व नहीं देने पर बम से उड़ाने की धमकी देने वाले आरोपित प्रोफेसर को पुलिस ने नासिक से गिरफ्तार किया है, जो हरियाणा और बिहार के मेडिकल कालेजों में मैथेमेटिक्स के प्रोफेसर के रूप में काम कर चुका है। जांच के दौरान पता चला कि आरोपित इससे पहले भी छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से पूर्व विधायक और पटना हाईकोर्ट के एक अधिवक्ता से उगाही के मामले में शामिल रहा है।
पुलिस आरोपित से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई कर रही है। आरोपित की पहचान मधुबनी निवासी 31 वर्षीय बच्चू झा के रूप में हुई। उत्तर पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने बताया कि दो अप्रैल की सुबह अशोक विहार थाना पुलिस को सूचना मिली कि वजीरपुर औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थान के मैनेजर को एक धमकी भरा फोन काल मिला है। मैनेजर ने पुलिस को बताया कि काल करने वाले ने खुद को नोएडा का बबला गुर्जर बताते हुए संचालक से 21 लाख रुपये की मांग की। साथ ही पैसे का भुगतान नहीं करने पर उसे बम से उड़ाने की धमकी भी दी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर अशोक विहार थाना प्रभारी प्रमोद कुमार के नेतृत्व में एक टीम गठित की।
पुलिस ने तकनीकी निगरानी, काल डिटेल रिपोर्ट की जांच की। डिजिटल फुटप्रिंट व लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर 28 सौ किलोमीटर दूर नासिक से आरोपित को 18 घंटे में दूरी तय कर पकड़ लिया। उसके पास से पुलिस ने शिकायतकर्ता को धमकी देने के लिए इस्तेमाल मोबाइल फोन, मोबाइल में मौजूद आपत्तिजनक चैट, स्क्रीनशाट व डिजिटल डाटा बरामद किए हैं। पूछताछ में के दौरान पता चला कि कि आरोपित काफी शिक्षित है, जो कई मेडिकल कालेज में एप्लाइड मैथेमेटिक्स के प्रोफेसर रह चुका है। आरोपित ने पुलिस को बताया कि जल्द पैसा कमाने के लिए वह फर्जी पहचान का इस्तेमाल कर जबरन वसूली करने लगा। वहीं आरोपित पर पटना बिहार में हत्या का प्रयास का मामला भी दर्ज है।







