लखनऊ । राजधानी लखनऊ में रियल एस्टेट कारोबारी को दिनदहाड़े तीन गोलियां मार दी गई। संदीप कुमार को पीजीआई इलाके के कल्ली पश्चिम मार्केट में स्थित उनके दफ्तर के बाहर गोली मारी गई। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में एडमिट कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई।
डीसीपी साउथ अमित आनंद के अनुसार संदीप कुमार मौजूदा समय में पीजीआई के वृंदावन कालिंदी पार्क के पास किराये के मकान में रहकर रियल एस्टेट का काम करते हैं। उनको कल्ली पश्चिम इलाके में प्रॉपर्टी डीलिंग का दफ्तर है। रोज की तरह बुधवार दोपहर करीब 12 बजे वह कर्मचारी विपिन कुमार के साथ कार से दफ्तर के लिए निकले। आधे घंटे के बाद वह लोग दफ्तर पहुंचे। संदीप कार से उतरकर फोन पर बातचीत करते हुए दफ्तर की तरफ जाने लगे।
इस बीच सफेद गमछा लपटे एक युवक वहां पहुंचा और उसने एक के बाद एक संदीप को तीन गोलियां मार दी। एक गोली सीने, एक पेट और एक सिर पर लगी। इस बीच हमलावर बाइक सवार एक साथी के साथ रायबरेली सड़क की तरफ भाग निकला।
खून से लथपथ संदीप वहीं गिर पड़े। गोली चलने की आवाज सुन संदीप का कर्मचारी विपिन कार से उतर कर उनके पास पहुंचे और मदद के लिए शोर मचाया। शोर होने पर आसपास के लोग जमा हो गए। घायल संदीप को फौरन इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
50 सेकंड में मार दी तीन गोलियां : घटना का सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को मिला है। पूरी वारदात 50 सेकंड के अंदर अंजाम दी गई। फुटेज से ऐसा लग रहा है कि हमलावर पहले से संदीप के इंतजार में खड़े थे। उनके पहुंचते ही एक हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग और हेलमेट पहने बाइक सवार दूसरे साथी के साथ भाग निकला। डीसीपी ने बताया कि हमलावरों की तलाश में पुलिस की टीमें लगी हैं। जमीन की रंजिश, रुपये का विवाद और पुरानी रंजिश के पहलू पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।







