Home » भीषण हादसा: ड्राइवर को झपकी आने से पलटी स्लीपर बस, दारोगा व कैदी समेत 6 की मौत, 22 घायल
उत्तर प्रदेश

भीषण हादसा: ड्राइवर को झपकी आने से पलटी स्लीपर बस, दारोगा व कैदी समेत 6 की मौत, 22 घायल

उन्नाव। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर औरास क्षेत्र के निंभाखेड़ा के पास मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। दिल्ली से बिहार जा रही ‘श्री सरोज ट्रैवल्स’ की एक तेज रफ्तार स्लीपर बस सुबह करीब 6 बजे अनियंत्रित होकर अंडरपास के कंक्रीट डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस बाईं ओर के एल्युमिनियम गार्ड को तोड़ते हुए भारी वाहन लेन में पलट गई।

इस दर्दनाक हादसे में बिहार पुलिस के एक दारोगा (सब-इंस्पेक्टर) और एक कैदी समेत 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 22 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त बस लगभग 100 किमी प्रति घंटा की रफ्तार में थी और अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे। शुरुआती जांच के अनुसार, ड्राइवर को अचानक झपकी आ जाने के कारण वह बस पर से नियंत्रण खो बैठा। बस के पलटते ही चीख-पुकार मच गई और यात्री सीटों से उछलकर एक-दूसरे के ऊपर जा गिरे। बस में करीब 45 यात्री सवार थे। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

Search

Archives