झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में भारतीय सेना ने एक बड़े खतरे को टाल दिया। यहां मिले द्वितीय विश्व युद्ध के समय के संदिग्ध बम को सेना के जवानों ने सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया। राहत की बात यह है कि इस दौरान किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ।
गैस सिलेंडर जैसा दिखता था बम : अधिकारियों के अनुसार, यह करीब 200 किलो वजनी बम था, जो गैस सिलेंडर जैसा दिखता था। इसे पिछले सप्ताह बहरागोड़ा इलाके में पानीपाड़ा-नागुडसाई सड़क के पास रेत खुदाई के दौरान पाया गया था।
सावधानी से बम को किया गया निष्क्रिय : घटना की जानकारी मिलने के बाद सेना की टीम और रांची से बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा। टीम ने ड्रोन की मदद से पूरे इलाके की जांच की और फिर सावधानी से बम को निष्क्रिय कर दिया। झारखंड पुलिस ने इस काम के लिए पहले ही सेना से मदद मांगी थी। सेना की इस कार्रवाई से एक बड़ा हादसा होने से बच गया।







