Home » बड़ा हादसा टला : ट्रेलर में लदे लोहे से रगड़कर बस का आधा हिस्सा क्षतिग्रस्त, तीन यात्री घायल
कोरबा

बड़ा हादसा टला : ट्रेलर में लदे लोहे से रगड़कर बस का आधा हिस्सा क्षतिग्रस्त, तीन यात्री घायल

कोरबा-पसान। पेंड्रा से कोरबा आ रही यात्री बस दुर्घटना का शिकार हो गई। हादसे में तीन यात्रियों को मामूली चोटे आई हैं जिनमें एक महिला भी शामिल है।

मिली जानकारी के अनुसार जय श्री राजपूत कंपनी की यात्री बस क्रमांक CG 10 BG 1600 आज बुधवार सुबह पेंड्रा से कोरबा आ रही  थी। इसी दौरान हादसे का शिकार हो गई। पसान थाना प्रभारी एसआई चन्द्रपाल खाण्डे ने बताया कि यह दुर्घटना ग्राम लैंगा के पास बांस प्लान्ट मार्ग में हुई। बताया जा रहा है कि यात्री बस पेंड्रा से कोरबा की ओर आ रही थी और दुर्घटना स्थल मार्ग में एक ट्रेलर क्रमांक सीजी 10-1301 दुर्ग से मध्य प्रदेश की ओर जा रही थी।

ट्रेलर में रेलवे का निर्माण संबंधी लोहा सामग्री लोड था जिसका कुछ हिस्सा बाहर की ओर निकला था। मार्ग से बस और ट्रेलर के अगल- बगल से गुजरने के दौरान लोहे का कुछ हिस्सा जो बाहर निकला हुआ था, बस के संपर्क में आ गया और बस को रगड़ते हुए निकल गया।

हादसे में चालक की तरफ से बस का लगभग आधा हिस्सा बीच से उखड़ गया। हादसे के होते ही यात्रियों में चीख पुकार मच गई। दुर्घटना में महिला यात्री परसिया बाई निवासी ग्राम पत्थरफोड़ पसान को कुछ अधिक चोट आई है, शेष अन्य दो यात्री भी चोटिल हुए जिन्हें मलहम पट्टी के बाद छुट्टी दे दी गई। इस दुर्घटना में बस चालक पंकज यादव की रिपोर्ट पर ट्रेलर चालक के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर ट्रेलर वाहन को जप्त कर लिया गया है।

Search

Archives