कोरबा। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे पाली सड़क झाबर स्थित एक ट्रांसफार्मर में अचानक आग लग गई। इससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
ट्रांसफार्मर में आग लगते ही आसपास के छह दुकानदार तुरंत हरकत में आ गए। आग की तेज लपटों को देखकर स्थानीय लोग और दुकानदार अपना सामान सुरक्षित स्थान पर ले जाने लगे।
ट्रांसफार्मर से उठती तेज लपटों और धुएँ के कारण कुछ देर तक दहशत का माहौल बना रहा। दुकानदारों ने बताया कि सुबह दस बजे दुकानें खोलने के बाद वे अपने काम में लगे थे। अचानक ट्रांसफार्मर में आग लग गई। नीचे की झाड़ियाँ और अन्य सामान भी धू-धू कर जलने लगे। दुकान संचालकों ने घटना की सूचना तत्काल बिजली और दमकल विभाग को दी। दमकल वाहन मौके पर पहुँचा और आग पर काबू पाया। यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं किया जाता तो बड़ी घटना घट सकती थी। आग की चपेट में दुकानों के अलावा आसपास के मकान भी आ सकते थे। दुकान संचालकों ने अपनी सूझबूझ से काफी सामान सुरक्षित कर लिया था। सूचना मिलते ही बिजली विभाग के कर्मी भी मौके पर पहुँचे। उन्होंने घटनाक्रम की जानकारी ली और मुख्य लाइन को बंद कर दिया। इसके बाद सुधार कार्य शुरू किया गया।







