Home » होटवार जेल अधीक्षक पर महिला कैदी को गर्भवती करने का आरोप
झारखंड

होटवार जेल अधीक्षक पर महिला कैदी को गर्भवती करने का आरोप

बाबूलाल मरांडी ने की जांच की मांग

रांची। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने होटवार जेल में पदस्थापित जेल अधीक्षक पर जेल में बंद महिला बंदी के साथ यौन शोषण करने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री को पत्र भेजा है। आरोप है कि महिला को गर्भवती कर दिया गया है।

बाबूलाल मरांडी ने अपने एक्स पर भी इस मामले में पोस्ट किया है। हालांकि महिला बंदी कौन है अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। इस मामले में जेल अधीक्षक और जेल आईजी सुदर्शन मंडल से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। एसएमएस से भी जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन जेल आईजी का कोई जवाब नहीं आया। बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार और जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।

बाबूलाल ने दावा किया है कि पीड़िता को बीमारी और इलाज के बहाने गुप्त स्थानों तथा अस्पतालों में ले जाकर गर्भ और फॉरेंसिक साक्ष्यों को नष्ट करने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जेल आईजी इस पूरे मामले को दबाने, फाइलों को गायब करने और संबंधित अधिकारियों को संरक्षण देने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

Search

Archives