धनबाद। धनसार थाना क्षेत्र में चोरों ने एक ज्वेलर्स दुकान को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। दूहाटांड़ स्थित प्रतीक ज्वेलर्स में बदमाश वेंटिलेशन काटकर दुकान के अंदर दाखिल हुए और करीब तीन लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए। चोरी की जानकारी दुकान संचालक को सुबह दुकान खोलने के दौरान हुई।
दुकान संचालक के मुताबिक चोरी किए गए सामान की कुल कीमत करीब तीन लाख रुपये है। घटना की जानकारी तत्काल धनसार थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। पीड़ित दुकानदार ने बताया कि उन्होंने बैंक से लोन लेकर ज्वेलर्स का कारोबार शुरू किया था। ऐसे में दुकान में हुई चोरी ने उनकी आर्थिक मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
इधर, पुलिस अब आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। साथ ही घटनास्थल से मिले संभावित सुरागों के आधार पर चोरों की पहचान और गिरफ्तारी की कोशिश की जा रही है। धनसार थाना प्रभारी मनोहर कर्माली ने कहा कि पुलिस को ज्वेलर्स दुकान में चोरी की सूचना मिली थी। सूचना के बाद पुलिस की गश्ती टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच-पड़ताल की। फिलहाल पीड़ित की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अपने स्तर से भी इलाके में जांच कर रही है।







