जांजगीर। जांजगीर-चांपा जिले के चांपा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग बालिका से अनाचार के आरोपी को महज कुछ ही घंटों के भीतर धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो एक्ट के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
29 अक्टूबर को पीड़ित पक्ष ने थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग बेटी घर से सहेली के यहां जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। जांच के दौरान यह बात सामने आई कि बालिका को लोचन यादव के साथ मोटरसाइकिल पर जाते हुए देखा गया था। इस सूचना पर तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर पुलिस ने विवेचना शुरू की और बालिका को सकुशल बरामद कर लिया। बालिका से पूछताछ के दौरान यह बात सामने आई कि आरोपी लोचन कुमार यादव ने उसे घुमाने के बहाने बहला-फुसलाकर ले गया और उसके साथ जबरन अनाचार किया। इस खुलासे के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी लोचन कुमार यादव को विधिवत गिरफ्तार कर लिया।







