Home » ससुरालियों की प्रताड़ना से तंग आकर मजबूर बहू ने किया अग्निस्नान, पांच गिरफ्तार
दुर्ग-भिलाई

ससुरालियों की प्रताड़ना से तंग आकर मजबूर बहू ने किया अग्निस्नान, पांच गिरफ्तार

दुर्ग। ससुरालियों ने दहेज के लिए इस कदर प्रताड़ित किया कि मजबूर बहू ने अपने उपर मिट्टी तेल छिड़ककर खुद को आग के हवाले कर अपनी जान दे दी। दुर्ग पुलिस ने प्रताड़ित कर खुदकुशी के लिए मजबूर करने वाले पांच ससुरालियों को गिरफ्तार किया है। नंदिनी पुलिस ने जांच में पति, सास-ससुर सहित पांच लोगों को दोषी पाया। सभी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।नंदिनी टीआई राजेश मिश्रा ने बताया कि बेमेतरा की रहने वाली तृप्ति साहू की शादी सन् 2020 में ग्राम- सेमरिया के रहने वाले प्रेमनाथ साहू के साथ हुई थी। तृप्ति के पिता ने सामाजिक रीति- रिवाज के साथ शादी की और अपनी क्षमता के अनुसार दहेज भी दिया। शादी के बाद से ही पति प्रेमनाथ, ससुर आनंद राम, सास राम प्यारी, जेठानी लक्ष्मी बाई और जेठ प्रकाश साहू दहेज में मोटरसाइकिल की मांग करने लगे। तृप्ति को मोटरसाइकिल लाने के लिए मानसिक एवं शारीरिक रूप से तंग किया। पिता से डेढ़ लाख रुपए लाने के लिए भी कहा गया। तृप्ति ने अपने पिता की मजबूरी को देखते हुए ऐसा करने से मना किया। इसके बावजूद उसे लगातार प्रताड़ित किया जाता रहा। रोज रोज की प्रताड़ना से तंग मजबूर बहू ने अपने ऊपर मिट्टी तेल उड़ेलकर आग लगा ली। तृप्ति की मां लता साहू ने नंदिनी पुलिस को बताया कि उसकी बेटी ने ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग आकर खुदकुशी की है। उसने बताया कि उनकी बेटी ससुराल की डिमांड से काफी परेशान थी। 9 जनवरी 2023 की सुबह तृप्ति साहू ने अपने ससुराल में मिट्टी तेल डालकर आग लगा ली। 21 जनवरी को उपचार के दौरान रायपुर अस्पताल में उसने दम तोड़ दिया। इस मामले में नंदिनी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 304बी, 34 के तहत अपराध दर्ज किया था।

Search