एक एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार
नई दिल्ली। दिल्ली के कालकाजी मंदिर के पास आस्था कुंज पार्क में 17 साल की किशोरी के साथ कथित गैंगरेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, किशोरी अपने 17 वर्षीय दोस्त के साथ जन्मदिन मनाने निकली थी। दोनों ने पहले कालकाजी मंदिर में दर्शन किए और इसके बाद आस्था कुंज पार्क पहुंचे। आरोप है कि वहां तीन युवकों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर दोनों को डराया-धमकाया और किशोरी को उसके दोस्त से अलग कर दिया। इसके बाद किशोरी के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया गया।
पुलिस बनकर पहुंचे थे तीन युवक
पुलिस के अनुसार, सोमवार शाम करीब 7 बजे किशोरी और उसका दोस्त कालकाजी मंदिर पहुंचे थे। करीब साढ़े सात बजे दोनों आस्था कुंज पार्क में गए। इसी दौरान तीन युवक उनके पास पहुंचे और खुद को पुलिसकर्मी बताया। आरोपियों ने दोनों को नाबालिग बताते हुए कानूनी कार्रवाई का डर दिखाया। इसके बाद दोनों को अलग कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने किशोरी के दोस्त के साथ मारपीट भी की और किशोरी को पार्क के सुनसान हिस्से में ले गए।
हथियार और चाकू दिखाकर धमकाने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों में शामिल आसिफ ने कथित तौर पर किशोरी को हथियार और चाकू दिखाकर धमकाया। शिकायत के अनुसार, इसके बाद तीनों आरोपियों ने उसके साथ कथित तौर पर यौन हिंसा की। घटना के बाद पीड़िता और उसके दोस्त को धमकी देकर आरोपी वहां से फरार हो गए। घटना की सूचना रात करीब 8.45 बजे पीसीआर कॉल के जरिए पुलिस को मिली। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल कराया और पाक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया।
सीसीटीवी से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आस्था कुंज पार्क और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। पीड़िता और उसके दोस्त द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान करने की कोशिश शुरू की।
आसिफ को पकड़ने पहुंची पुलिस, हुई फायरिंग
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार को अमर कॉलोनी इलाके में आरोपी आसिफ को पकड़ने की कोशिश की गई। पुलिस का दावा है कि घेराबंदी के दौरान आसिफ ने पुलिस टीम पर तीन राउंड फायर किए। एक गोली हेड कांस्टेबल की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने फायरिंग की, जिसमें आसिफ के पैर में गोली लगी। घायल हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया और गिरफ्तार कर लिया गया।
दोनों अन्य आरोपी भी गिरफ्तार
शुरुआती जानकारी में दोनों अन्य आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की बात सामने आई थी, लेकिन बाद के पुलिस अपडेट के मुताबिक दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। उनकी पहचान हेमंत और उसके छोटे भाई के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार हेमंत ने कानून की पढ़ाई की है, जबकि उसका छोटा भाई बीएससी का छात्र है। पुलिस अब तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है। आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।
7 बजे मंदिर, 7.30 बजे पार्क और 8.45 बजे पीसीआर कॉल
पुलिस के अनुसार घटना की शुरुआती टाइमलाइन कुछ इस तरह सामने आई है-
करीब 7.00 बजेरू किशोरी और उसका दोस्त कालकाजी मंदिर पहुंचे।
करीब 7.30 बजेरू दोनों आस्था कुंज पार्क पहुंचे।
इसके बाद तीनों आरोपियों ने कथित तौर पर खुद को पुलिसकर्मी बताकर दोनों को रोका।
करीब 8.45 बजे घटना की सूचना पीसीआर को दी गई।
मंगलवार, पुलिस ने आरोपी आसिफ को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया।
बाद में, पुलिस ने दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।







