नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अब डिप्रेशन में बदल गया है और अगले 24 घंटे में इसके डीप डिप्रेशन में तब्दील होने की संभावना है। इसका सबसे ज्यादा असर ओडिशा में देखने को मिल सकता है, जहां 23 और 24 सितंबर को बेहद भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, यह सिस्टम पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए 23 सितंबर की रात से 24 सितंबर की शुरुआती घंटों के बीच उत्तरी आंध्र प्रदेश-दक्षिणी ओडिशा तट को पार कर सकता है।
ओडिशा में रेड अलर्ट, 20 सेंटीमीटर से ज्यादा बारिश का अनुमान
23 सितंबर को कंधमाल, गजपति, गंजाम और पुरी में 20 सेंटीमीटर से अधिक बारिश की संभावना को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 24 सितंबर को कालाहांडी, कंधमाल और रायगढ़ा में बेहद भारी बारिश की चेतावनी है। 25 सितंबर को भी ओडिशा के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है, जबकि 26 सितंबर को कुछ इलाकों में भारी बारिश का अनुमान है।
यूपी में 24 सितंबर से बढ़ेगी मौसम की गतिविधि
उत्तर प्रदेश में भी मौसम बदलने वाला है। पूर्वी यूपी में 24 सितंबर से गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर शुरू हो सकता है। 25 सितंबर से यहां भारी बारिश की संभावना है, जबकि 26 से 28 सितंबर तक भी कई इलाकों में भारी बारिश और गरज-चमक का अलर्ट है।
पश्चिमी यूपी में 25 सितंबर से मौसम में बदलाव की संभावना है। 25 सितंबर को गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि 26 से 28 सितंबर के बीच भारी बारिश हो सकती है।
दिल्ली-एनसीआर में फिलहाल राहत
दिल्ली-एनसीआर में 22 सितंबर को भारी बारिश का कोई अलर्ट नहीं है। दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ के लिए 22 से 24 सितंबर तक मौसम विभाग की ओर से कोई चेतावनी नहीं दी गई है।
हालांकि 25 से 27 सितंबर के बीच गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना है। ऐसे में सप्ताह के दूसरे हिस्से में दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
उत्तराखंड में बारिश का दौर
उत्तराखंड के देहरादून, चमोली, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, उत्तरकाशी और नैनीताल समेत कई जिलों में 22 से 25 सितंबर के दौरान बारिश हो सकती है। 25-26 सितंबर के आसपास बारिश का दायरा बढ़ने और कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने की संभावना है।
समुद्र में तेज हवाओं का अलर्ट
बंगाल की खाड़ी में सिस्टम मजबूत होने से समुद्री इलाकों में भी असर देखने को मिलेगा। 23 सितंबर को पश्चिम-मध्य और उससे सटे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में हवा की रफ्तार करीब 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
दक्षिण ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश के तट के आसपास 23-24 सितंबर को तेज हवाएं चलने की संभावना है। ऐसे में मछुआरों और समुद्र में जाने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
केरल से पूर्वाेत्तर तक बारिश
केरल में 21 से 25 सितंबर के बीच कई जगह हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पथनमथिट्टा, कोट्टायम, अलप्पुझा, एर्नाकुलम, इडुक्की और त्रिशूर में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। वहीं असम और मेघालय में 22 सितंबर को गरज-चमक और बिजली गिरने, जबकि 23 से 25 सितंबर के बीच भारी बारिश की संभावना है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी 23-24 सितंबर को भारी और 25 सितंबर को बहुत भारी बारिश हो सकती है।







