सुलतानपुर। भाजपा विधायक व पूर्व मंत्री विनोद सिंह पर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगने से प्रदेश में राजनीतिक हलचल बढ़ गई है। विधायक का इंटरनेट मीडिया पर एक ऑडियो प्रसारित हो रहा है, जिसमें वह महिला के पति से कह रहे हैं कि अपनी पत्नी से बात कराओ, वहीं, पीड़िता ने राष्ट्रीय महिला आयोग और लखनऊ की हजरतगंज पुलिस को पत्र भेजकर विधायक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, इंटरनेट मीडिया पर दो ऑडियो प्रसारित हो रहे हैं। कथित ऑडियो विधायक विनोद सिंह व महिला के पति के बताए जा रहे हैं। पहले ऑडियो में विधायक महिला के पति का नाम लेकर कह रहे हैं कि आपकी पत्नी को फोन मिलाया था, वो फोन नहीं उठा रही हैं। इस पर महिला का पति कहता है कि वह मंदिर गई हैं। इस पर विधायक उससे कहते हैं, पत्नी से कह दीजिए मुझसे बात कर लें। दूसरे ऑडियो में एक व्यक्ति महिला के पति को फोन करके कह रहा है कि मंत्री जी (विनोद सिंह) बात करने के लिए फोन मिलवाए थे।
महिला ने राष्ट्रीय महिला आयोग को पत्र भेजकर विधायक के खिलाफ कार्रवाई करने और परिवारजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने को प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। महिला ने यह भी कहा है कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई तो उसे और उसके परिवार को अपूरणीय क्षति और गंभीर खतरे का सामना करना पड़ सकता है। इसके साथ ही उन्होंने पुलिस को भी पत्र व ईमेल के माध्यम से मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। इस मामले में विधायक विनोद सिंह का पक्ष जानने के लिए उनको फोन और वॉट्सएप किया गया, लेकिन उन्होंने उसका कोई जवाब नहीं दिया।







