Home » बारिश के बीच बिजली खंभे में शॉर्ट सर्किट, जानें प्रत्यक्षदर्शियों ने क्या कहा?
कोरबा

बारिश के बीच बिजली खंभे में शॉर्ट सर्किट, जानें प्रत्यक्षदर्शियों ने क्या कहा?

कोरबा। लगातार हो रही झमाझम बारिश और आंधी-तूफान के बीच सोमवार को निहारिका स्थित बिलासा ब्लड बैंक के पास एक कॉम्प्लेक्स के पीछे लगा विद्युत खंभा अचानक शॉर्ट सर्किट होकर आग की लपटों में घिर गया। खंभे से करीब 10 से 15 मिनट तक चिंगारियां निकलती रहीं और यह आतिशबाजी की तरह जलता रहा। घटना से आसपास के व्यापारियों और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज बारिश के दौरान अचानक तेज आवाज के साथ खंभे में स्पार्किंग शुरू हुई और देखते ही देखते उसमें आग लग गई। खंभे से निकलती चिंगारियां आसपास की दुकानों और वाहनों के ऊपर गिर रही थीं। किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका को देखते हुए स्थानीय व्यापारियों ने तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी।

सूचना मिलते ही दमकल वाहन मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने जल रहे विद्युत खंभे पर पानी का छिड़काव कर आग पर काबू पाया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद स्थिति सामान्य हो सकी। गनीमत रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति का नुकसान नहीं हुआ।

आग लगने के कारण सुरक्षा के लिहाज से विद्युत प्रवाह तुरंत बंद कर दिया गया। इससे बिलासा ब्लड बैंक, आसपास के कॉम्प्लेक्स और मार्केट क्षेत्र की बिजली गुल हो गई। व्यापारियों को भी अपना काम बंद करना पड़ा। सूचना मिलने पर विद्युत विभाग के कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने क्षतिग्रस्त खंभे व तारों को बदलने का सुधार कार्य शुरू कर दिया।

स्थानीय व्यापारियों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से जिले में बारिश और तेज हवा के कारण विद्युत खंभों में लगातार शॉर्ट सर्किट की घटनाएं सामने आ रही हैं। कई जगहों पर तार टूटकर गिर रहे हैं और खंभों से चिंगारियां निकल रही हैं। व्यापारियों का आरोप है कि विभाग द्वारा समय पर रखरखाव और जांच नहीं की जा रही है, जिसके कारण बारिश में इस तरह की घटनाएं बढ़ गई हैं।

व्यापारियों ने मांग की है कि बारिश के मौसम से पहले सभी विद्युत खंभों और तारों की विशेष जांच कराई जाए और जर्जर तारों को बदला जाए। साथ ही ऐसे संवेदनशील इलाकों में फायर सेफ्टी के इंतजाम पुख्ता किए जाएं ताकि भविष्य में कोई बड़ी दुर्घटना न हो। फिलहाल विद्युत विभाग के कर्मचारियों द्वारा सुधार कार्य जारी है। विभाग का कहना है कि मौसम साफ होने के बाद पूरे क्षेत्र में लाइन को सुचारू कर दिया जाएगा।

Search

Archives