चंडीगढ़। मोबाइल फोन यूजर्स के लिए बड़ी खुशखबरी है। केंद्र सरकार और TRAI ने टेलीकॉम नियमों में बदलाव करते हुए 30 दिनों की वैलिडिटी वाले नए रिचार्ज प्लान लागू कर दिए हैं। अब ग्राहकों को साल में 13 के बजाय सिर्फ 12 रिचार्ज कराने होंगे। बीजेपी एमपी राघव चढ्ढा ने इसकी जानकारी एक एक्स पोस्ट में साझा की है।
प्रीपेड मोबाइल उपभोक्ताओं के लिए रिचार्ज की बार-बार आने वाली तारीख और जरूरत से ज्यादा सेवाओं के लिए भुगतान करने की मजबूरी अब कम हो सकती है। खासकर उन लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है, जिन्हें मोबाइल पर इंटरनेट डेटा की जरूरत नहीं होती और वे फोन का इस्तेमाल मुख्य रूप से कालिंग के लिए करते हैं।
साल में 13 नहीं अब होंगे 12 रिचार्ज : राघव चड्ढा ने अपनी पोस्ट में कहा कि इससे साल में 13 मासिक रिचार्ज करने के बजाय उपभोक्ताओं को 12 रिचार्ज में काम चलाने का विकल्प मिलेगा। उन्होंने लिखा कि सीमित और लचीले रिचार्ज विकल्पों को लेकर लोगों ने उनसे अपनी चिंताएं साझा की थीं। इसी मुद्दे को उन्होंने 11 मार्च को राज्यसभा में उठाते हुए उपभोक्ताओं को ज्यादा विकल्प और किफायती सेवाएं उपलब्ध कराने की मांग की थी।
प्रीपेड मोबाइल सेवाओं में लंबे समय से उपभोक्ताओं की यह मांग रही है कि उन्हें अपनी जरूरत के मुताबिक रिचार्ज चुनने की स्वतंत्रता मिले। खासकर ऐसे लोगों के लिए, जिनका मोबाइल इस्तेमाल कालिंग तक सीमित है, डेटा के साथ आने वाले प्लान का भुगतान करना अतिरिक्त खर्च माना जाता है।
रिचार्ज व्यवस्था में बदलेगा हिसाब : 30 दिन की वैधता वाला प्लान उपलब्ध होने से मासिक रिचार्ज और कैलेंडर महीने के बीच का अंतर भी उपभोक्ताओं के लिए कम होगा। मौजूदा व्यवस्था में 28 दिन की वैधता वाले प्लान के कारण वर्ष में 12 की जगह 13 बार रिचार्ज की स्थिति बन सकती है। नए विकल्प में उपभोक्ता अपनी जरूरत और बजट के हिसाब से प्लान चुन सकेंगे। राघव चड्ढा ने पोस्ट में सरकार और भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) का उपभोक्ता सुविधा और ज्यादा विकल्प उपलब्ध कराने के लिए आभार जताया है।







