Home » हरमनप्रीत कौर के बाद किसे मिलेगी भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कमान? स्मृति मंधाना सहित रेस में शामिल ये दिग्गज
खेल

हरमनप्रीत कौर के बाद किसे मिलेगी भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कमान? स्मृति मंधाना सहित रेस में शामिल ये दिग्गज

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तानी से हरमनप्रीत कौर ने इस्तीफा दे दिया है। हरमनप्रीत ने तीनों फॉर्मेट की कप्तानी छोड़ दी है। अब सवाल ये है कि उनकी जगह कौन लेगा?

नई दिल्ली। हरमनप्रीत कौर ने मंगलवार को तीनों फॉर्मेट में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तानी छोड़ने का फैसला किया है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट लिखते हुए बताया है कि वह अब टीम की कप्तानी नहीं करेंगी। ऐसे में सवाल यह है कि हरमनप्रीत के बाद किसे टीम की कमान मिलेगी?

साथ ही सवाल ये भी है कि क्या टीम मैनेजमेंट पहले की तरह तीनों फॉर्मेट के लिए एक ही कप्तान पर भरोसा जताएगा या फिर फॉर्मेट के हिसाब से अलग-अलग कप्तान नियुक्त की जाएंगी। हरमनप्रीत कौर के बाद कप्तानी की रेस में कुछ नाम हैं। हम आपको उनके ही बारे में बताने जा रहे हैं।

इन खिलाड़ियों के बीच है जंग

स्मृति मंधाना

हरमनप्रीत कौर के बाद इस रेस में जो सबसे आगे हैं उनमें स्मृति मंधाना पहले नंबर पर है।  मंधाना टीम की उपकप्तान हैं और हरमनप्रीत कौर की गैर-मौजूदगी में कप्तानी की जिम्मेदारी भी निभा चुकी हैं। वह ऐसी खिलाड़ी हैं जिनके पास समय भी है और प्रतिभा भी। विमंस प्रीमियर लीग में वह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की कप्तानी कर चुकी हैं और टीम को खिताब भी दिला चुकी हैं।

जेमिमा रोड्रिग्स

मंधाना के बाद अगर कोई नाम आता है तो वो हैं जेमिमा रोड्रिग्स। दाएं हाथ की ये बल्लेबाज लंबे समय से टीम का हिस्सा हैं और लीडरशिप ग्रुप में शामिल हैं। दिल्ली कैपिटल्स की महिला टीम की कप्तानी का अनुभव भी उनके पास है। ऐसे में मंधाना के अलावा टीम के पास उनका भी एक विकल्प है।

ऋचा घोष

टीम की तूफानी बल्लेबाज और विकेटकीपर ऋचा घोष भी एक नाम हैं जो कप्तानी की रेस में हैं। विकेट के पीछे से उनकी खेल की समझ को सभी ने सराहा है। वह परिपक्व भी हैं और लीडरशिप ग्रुप का हिस्सा भी हैं। उनके रूप में भी टीम मैनेजमेंट के पास एक विकल्प है।

दीप्ति शर्मा

हरमनप्रीत कौर की तरह ही अगर अनुभवी खिलाड़ी की तलाश हो तो दीप्ति शर्मा भी उपयुक्त विकल्प हैं। उन्होंने भारतीय महिला क्रिकेट को आगे बढ़ते देखा है और इसमें अहम योगदान भी निभाया है। दीप्ति के पास अच्छा खासा अनुभव है। वह विमंस प्रीमियर लीग में यूपी वॉरियर्स की कप्तानी भी कर चुकी हैं।

शेफाली वर्मा

अगर टीम अलग-अलग फॉर्मेट में कप्तानी के बारे में सोचती है तो शेफाली टी20 में वह यह जिम्मेदारी संभाल सकती हैं। वह तकरीबन पांच साल से टीम का हिस्सा हैं और अपनी बल्लेबाजी से कमाल दिखा चुकी हैं। घरेलू क्रिकेट में उनको कप्तानी का अनुभव भी है।

Search