कोरबा। वनमंडल कटघोरा के पसान सर्किल में विचरणरत 52 हाथियों के दल में से एक दंतैल हाथी बीती रात अलग होकर पसान पंचायत के धनसलेहा मोहल्ला पहुंच गया और वहां अनूप नामक एक ग्रामीण के मकान को निशाना बनाते हुए ढहा दिया, जबकि शेष हाथियों ने खेतों में पहुंचकर धान फसल को नुकसान पहुंचाया है। बताया जाता है कि हाथियों का दल बनखेता क्षेत्र में विचरणरत है, जिसमें एक लोनर हाथी भी शामिल है।
यह हाथी झुंड से अलग होकर बस्ती में पहुंचा था। जिस समय दंतैल ने ग्रामीण के घर को ढहाया वहां कोई भी मौजूद नहीं था। हाथियों के क्षेत्र में आने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम गांव में पहुंच गई थी और मुनादी कराकर सुनसान क्षेत्र में रह रहे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया था। कटघोरा वनमंडल के एतमानगर रेंज में भी एक दंतैल हाथी दो दिनों से मड़ई जंगल में डेरा डाला हुआ है। हाथी जंगल ही जंगल घूम रहा है, बावजूद इसके वन विभाग सतर्कता बरतते हुए उसकी निगरानी में जुट गया है।







