दुर्ग के जामुल थाना क्षेत्र के कैलाश नगर में चौरसिया ज्वेलर्स नामक दुकान में चोरी करने की नियत से घुसे दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से चोरी के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले औजार भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।
घटना 13 जनवरी की रात की है, जब दुकान मालिक गोपाल चौरसिया ने अपनी कैलाश नगर स्थित दुकान बंद करके घर चले गए थे। अगली सुबह 14 जनवरी को लगभग 4 बजे पड़ोसियों ने दुकान के अंदर से आवाजें आने की सूचना दी। सूचना मिलते ही गोपाल चौरसिया ने तुरंत जामुल पुलिस को सूचित किया। पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस वाहन को देखते ही आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए घेराबंदी कर दोनों को हिरासत में ले लिया।
थाने लाकर कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने दुकान की दीवार तोड़कर चोरी की नियत से अंदर घुसने की बात स्वीकार की। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान संजय ठाकुर, निवासी ग्राम खैरा, थाना साजा, जिला बेमेतरा और आशीष वर्मा, निवासी ग्राम सण्डी, थाना गंडई, जिला केसीजी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी में इस्तेमाल किए जाने वाले लोहे के सब्बल और रॉड बरामद किए हैं।







