शुक्रवार से भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला खेला जाएगा। लीड्स में मुकाबले की शुरुआत भारतीय समयानुसार दोपहर साढ़े तीन बजे होगी। वहीं, टॉस इससे आधे घंटे पहले यानी दोपहर तीन बजे होगा। इस टेस्ट के साथ भारत और इंग्लैंड की टीमें अपने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 चक्र की शुरुआत करेंगी। भारतीय टीम की कमान जहां युवा शुभमन गिल संभालेंगे, वहीं इंग्लैंड की कप्तानी दिग्गज ऑलराउंडर बेन स्टोक्स करेंगे।
इंग्लिश टीम ने बुधवार को ही प्लेइंग-11 की घोषणा कर दी थी। वहीं, टीम इंडिया टॉस से ठीक पहले इसका एलान करेगी। हालांकि, भारतीय प्लेइंग-11 को लेकर जद्दोजहद अभी तक जारी है। भारतीय प्लेइंग-11 के आठ खिलाड़ी लगभग तय हैं, जबकि तीन स्थानों को लेकर टीम मैनेजमेंट और मुख्य कोच गौतम गंभीर को माथापच्ची करनी पड़ रही है। इन स्थानों के लिए साई सुदर्शन, करुण नायर, नीतीश रेड्डी, शार्दुल ठाकुर और कुलदीप यादव के बीच जंग है।
इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए भारत की संभावित प्लेइंग-11
यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), करुण नायर/नीतीश रेड्डी, रवींद्र जडेजा, शार्दुल ठाकुर/कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।
पहले टेस्ट मैच के लिए इंग्लैंड की घोषित प्लेइंग 11
जैक क्राउली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, हैरी ब्रूक, बेन स्टोक्स (कप्तान), जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), क्रिस वोक्स, ब्राइडन कार्स, जोश टंग, शोएब बशीर।







