झारखंड/रांची। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने राज्य में वसूली और नक्सली संगठन में लोगों की जबरन भर्ती करने के आरोपी तीन माओवादियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है।
एजेंसी ने शुक्रवार को रांची स्थित एक विशेष अदालत में यह पूरक आरोप पत्र दायर किया। एनआईए के मुताबिक चार्जशीटेड नक्सली कृष्ण हांसदा उर्फ सौरव दा उर्फ अविनाश दा, अभिजीत कोरह उर्फ मतला कोरह उर्फ सुनील कोरह और रामदयाल महतो उर्फ निलेश दा उर्फ बच्चन दा हैं। इनमें से कृष्ण हांसदा और रामदयाल महतो झारखंड के रहने वाले हैं, जबकि कोरह बिहार का निवासी है।
एनआईए ने बताया कि तीनों माओवादी संगठन के सक्रिय सदस्य थे और गिरिडीह जिले के पारसनाथ क्षेत्र में जबरन वसूली, हथियारों से धमकाने और लोगों की जबरन भर्ती जैसे अपराधों में शामिल थे। इनकी संलिप्तता उस समय उजागर हुई जब जनवरी 2023 में गिरिडीह जिले के डुमरी थाना क्षेत्र के लूसियो जंगल से कृष्ण हांसदा को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से पुलिस ने लेवी का पैसा, एक 7.65 मिमी बोर की पिस्टल और कई आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए थे।
इसके बाद स्थानीय पुलिस ने हांसदा, कोरह और महतो सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। पुलिस ने सबसे पहले हांसदा के खिलाफ चार्जशीट दायर की थी। जून 2023 में एनआईए ने इस मामले को अपने हाथ में लेकर दोबारा केस दर्ज किया और अब तीनों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है।







