बैंकॉक। थाईलैंड में भारी बारिश के बाद आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। सरकार ने आज मंगलवार को जानकारी दी है कि बाढ़ की वजह से बैंकॉक में चार और लोगों की मौत हो गई है।
आपदा रोकथाम और शमन विभाग (DDPM) के मुताबिक, इन चार लोगों की मौत से बाढ़ के चलते थाइलैंड में मरने वालों की संख्या 23 पहुंच गई है। बैंकॉक में में बाढ़ से करीब सात लाख लोग प्रभावित हुए हैं।
बैंकॉक में बाढ़ ने मचाई तबाही
बैंकॉक में 48 घंटों तक लगातार इतनी तेज बारिश हुई कि तीन दिन बाद भी कुछ हिस्सों में पानी भरा रहा। अधिकारियों के मुताबिक, शहर में आपदा घोषित किए जाने के साथ ही स्कूल बंद कर दिए। वहीं राजधानी में 230 से ज्यादा शेल्टर होम में लगभग 7,000 लोग रुके हुए थे।
बैंकॉक से सामने आई तस्वीरों में गाड़ियां पूरी तरह पानी में डूबी दिखाई दीं। स्वर्ण भूमि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर यात्रियों की लंबी कतारें नजर आईं। बाढ़ के चलते यातायात व्यवस्था पूरी तरह से ठप पड़ गई।

राहत और बचाव कार्य जारी
थाईलैंड में सितंबर महीने में सबसे ज्यादा बारिश होती है, लेकिन बैंकॉक के कई निवासियों का कहना है कि इस साल की बाढ़ पिछली बाढ़ों की तुलना में ज्यादा गंभीर लग रही है।
यह शहर पहले दलदली जमीन पर बसाया गया था और यहां नहरों का जाल बिछा हुआ है। बारिश के कारण इनमें से कई नहरें बुरी तरह उफान पर हैं। पंपिंग स्टेशन कई दिनों से अपनी पूरी क्षमता से काम कर रहे हैं, लेकिन गवर्नर चाडचार्ट सिट्टीपुंट ने रविवार को कहा कि पानी को पूरी तरह से निकलने में एक हफ्ते तक का समय लग सकता है। वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि जैसे-जैसे जीवाश्म ईंधन के उत्सर्जन के कारण ग्लोबल वार्मिंग बढ़ेगी, बारिश के मौसम की घटनाओं की तीव्रता और आवृत्ति भी बढ़ेगी।







