Home » अमेरिका की मोस्ट वॉन्टेड लिस्ट में गोल्डी बराड़ का नाम, रखा 10 करोड़ का इनाम
दुनिया

अमेरिका की मोस्ट वॉन्टेड लिस्ट में गोल्डी बराड़ का नाम, रखा 10 करोड़ का इनाम

वाशिंगटन। अमेरिकी जांच एजेंसी फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (एफबीआई) ने भारतीय मूल के गैंगस्टर सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ पर शिकंजा कसते हुए उसे अपनी आधिकारिक ‘टॉप 10 मोस्ट वांटेड भगोड़ों’ की सूची में शामिल कर लिया है।

एफबीआई ने सोमवार को एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी और उसकी गिरफ्तारी या सुराग देने वाले के लिए 10 लाख डॉलर (लगभग 10 करोड़ रुपये) तक के इनाम की घोषणा की। एफबीआई के अनुसार, गोल्डी बराड़ कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई संगठित अपराध समूह का उत्तरी अमेरिका में प्रमुख ऑपरेशनल लीडर है।

यह गिरोह दक्षिणी कैलिफोर्निया के साथ-साथ पूरे अमेरिका और कनाडा में टारगेटेड किलिंग, राजनीतिक व धार्मिक हस्तियों पर हमलों, गोलीबारी, अपहरण, रंगदारी और मादक पदार्थों तथा हथियारों की तस्करी जैसे कई गंभीर हिंसक अपराधों में शामिल है।

अमेरिका में जारी हुआ वारंट

कैलिफोर्निया की सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट संघीय अदालत ने 1 जुलाई को ही सतिंदरजीत सिंह के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। अमेरिकी सरकार का कहना है कि लॉरेंस बिश्नोई भारत की जेल में बंद रहने के बावजूद तस्करी के जरिए पहुंचाए गए मोबाइल फोन और इंटरनेट कॉलिंग डिवाइस के जरिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हत्या, रंगदारी और मानव तस्करी जैसे नेटवर्क को संचालित कर रहा था।

अमेरिका अपने विशेष ऑपरेशन हार्ड बॉल के तहत भारत से जुड़े तीन अंतरराष्ट्रीय गिरोहों पर कड़ा एक्शन ले रहा है। इस कार्रवाई के तहत 37 लोगों के खिलाफ आरोप तय किए गए हैं और 24 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

Search