बिल गेट्स ने अमेरिका से की सख्त कानून बनाने की मांग
नई दिल्ली। माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स ने चेतावनी दी है कि गलत इरादे वाले लोगों के हाथ में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि उन्नत एआई का दुरुपयोग बड़े पैमाने पर जान-माल के नुकसान का कारण बन सकता है और इसकी चपेट में 100 करोड़ लोगों तक का जीवन आ सकता है। गेट्स ने अमेरिकी सरकार से एआई के विकास और इस्तेमाल के लिए सख्त नियम बनाने की मांग की है।
उनका कहना है कि केवल एआई कंपनियों के आत्मनियमन के भरोसे इस तकनीक को सुरक्षित रखना संभव नहीं है। एनबीसी न्यूज को दिए इंटरव्यू में गेट्स ने कहा कि एआई की ताकत का अंदाजा लगाना अभी मुश्किल है। उनके मुताबिक, बुरे इरादे वाले लोगों के साथ अत्याधुनिक एआई का मेल ऐसा खतरा पैदा कर सकता है, जैसा अब तक किसी हथियार से नहीं देखा गया।
उन्होंने सरकारों और कानून लागू करने वाली एजेंसियों को एआई सुरक्षा से जुड़ी चर्चा में शामिल करने पर जोर दिया। गेट्स के मुताबिक, एआई को सुरक्षित रखने के लिए कंपनियों के साथ सरकारों की भूमिका भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा उपायों और निगरानी की स्पष्ट व्यवस्था बनाने के लिए कानून लागू करने वाली एजेंसियों और नीति निर्माताओं को साथ आना होगा।







